राज्य

तेलंगाना: बस में छूट गया 3 लाख रुपये से भरा बैग, महिला कंडक्टर ने ईमानदारी दिखाकर हज यात्री को लौटाई पूरी रकम

हैदराबाद। तेलंगाना में एक महिला बस कंडक्टर की ईमानदारी की खूब सराहना हो रही है। शादनगर डिपो की बस में एक यात्री का बैग छूट गया था, जिसमें 3 लाख रुपये नकद रखे थे। कंडक्टर सरिता ने चालक नरसिम्हुलु के साथ मिलकर बैग को सुरक्षित रखा और यात्री के वापस आने पर पूरी रकम समेत उसे लौटा दिया।

शादनगर निवासी कारोबारी जहांगीर अपनी पत्नी के साथ हज यात्रा पर जाने की तैयारी कर रहे हैं। शनिवार को दोनों बस से हैदराबाद पहुंचे थे। अफजलगंज बस स्टैंड पर उतरने के बाद वे नामपल्ली की तरफ चले गए। कुछ दूरी तय करने के बाद जहांगीर को एहसास हुआ कि नकदी से भरा उनका बैग बस में ही छूट गया है।

बस में लावारिस बैग देखकर कंडक्टर ने चालक को बताया

बस में मौजूद कंडक्टर सरिता की नजर यात्री के छूटे हुए बैग पर पड़ी। उन्होंने तुरंत बस चालक नरसिम्हुलु को इसकी जानकारी दी। दोनों कर्मचारियों ने बैग को अपने पास सुरक्षित रख लिया, ताकि उसका असली मालिक सामने आने पर उसे वापस किया जा सके। दूसरी ओर, बैग बस में छूटने का पता चलने के बाद जहांगीर परेशान होकर वापस बस स्टैंड पहुंचे और कर्मचारियों से संपर्क किया।

जानकारी का मिलान किया, फिर 3 लाख रुपये समेत लौटाया बैग

जहांगीर ने कंडक्टर और चालक को बैग तथा उसमें रखी नकदी से जुड़ी जरूरी जानकारी दी। कर्मचारियों ने उनके बताए विवरण का मिलान किया। जानकारी सही पाए जाने के बाद सरिता और नरसिम्हुलु ने 3 लाख रुपये नकद से भरा पूरा बैग जहांगीर को सौंप दिया।

बैग लौटाने का वीडियो आया सामने, ईमानदारी की हो रही तारीफ

इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें महिला कंडक्टर यात्री को उसकी नकदी वापस करती नजर आ रही हैं। बैग में बड़ी रकम होने के बावजूद उसे सुरक्षित रखकर सही व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरिता और नरसिम्हुलु की ईमानदारी की सोशल मीडिया पर भी खूब तारीफ हो रही है।

Related Articles

Back to top button