उत्तराखंड

बकरीद से पहले CM धामी ने चेताया, बोले- सड़क पर न हो नमाज; चारधाम यात्रा में किसी को परेशानी नहीं होनी चाहिए

हल्द्वानी: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बकरीद से पहले नमाज को लेकर बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नमाज पढ़ने पर किसी तरह की रोक नहीं है, लेकिन इसे केवल निर्धारित और चिन्हित स्थानों पर ही पढ़ा जाना चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि सड़क या खुले स्थानों पर नमाज के कारण आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

हल्द्वानी सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड में इस समय चारधाम यात्रा चल रही है और लाखों श्रद्धालु प्रदेश में पहुंच रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

चारधाम यात्रा के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इस बार रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच रहे हैं, जिसके चलते प्रशासन पूरी मशीनरी के साथ व्यवस्था संभालने में जुटा हुआ है।

सीएम धामी ने कहा कि सभी संप्रदायों के लोग उत्तराखंड में भाईचारे के साथ रहते हैं और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि किसी भी धार्मिक गतिविधि से आमजन को असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि निर्धारित स्थलों पर नमाज अदा कर ऐसी परिस्थितियों से आसानी से बचा जा सकता है।

एक महीने में 20 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे

मुख्यमंत्री ने बताया कि चारधाम यात्रा में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या लगातार रिकॉर्ड बना रही है। उन्होंने कहा कि एक महीने के भीतर ही करीब 20.50 लाख श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर चुके हैं।

उन्होंने कहा कि केदारनाथ, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब में भी क्षमता से अधिक श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में सरकार और प्रशासन यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त करने के निर्देश

मुख्यमंत्री धामी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा देने के लिए सड़कों को जल्द से जल्द गड्ढामुक्त किया जाना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सड़क मरम्मत कार्य युद्ध स्तर पर पूरा किया जाए, ताकि यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

बिजली आपूर्ति को लेकर भी सरकार सख्त

गर्मी के मौसम में बिजली कटौती की शिकायतों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बिजली विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तय रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गर्मी के दौरान लोगों को बिजली संकट का सामना न करना पड़े, इसके लिए अधिकारी लगातार निगरानी रखें और किसी भी समस्या का तुरंत समाधान करें।

Related Articles

Back to top button