भोपाल को मिलेगी औद्योगिक विकास की नई पहचान, CM मोहन यादव आज करेंगे स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क और मेगा कन्वेंशन सेंटर का शिलान्यास

भोपाल: मध्य प्रदेश को देश का प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्र बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को एक बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। राजधानी के सतगढ़ी क्षेत्र में विकसित किए जा रहे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन और शिलान्यास मुख्यमंत्री करेंगे। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में देश-प्रदेश के 200 से अधिक उद्योगपति, निवेशक और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
173 एकड़ में विकसित होगा स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क
करीब 173 एकड़ क्षेत्र में तैयार होने वाला यह स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति देगा। परियोजना में आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना, बेहतर सड़क और परिवहन संपर्क, आईटी एवं एआई आधारित सुविधाएं, लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग कॉम्प्लेक्स सहित भविष्य की जरूरतों के अनुरूप स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा।
यह परियोजना ‘वर्क-लिव-ग्रो’ मॉडल पर आधारित होगी, जिसमें उद्योगों के साथ कौशल विकास, नवाचार और बेहतर जीवन सुविधाओं का समन्वित विकास किया जाएगा।
इन क्षेत्रों के उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा
स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में उच्च मूल्य विनिर्माण, गारमेंट, टॉयज, आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, लॉजिस्टिक्स और उभरती तकनीकों से जुड़े उद्योगों की स्थापना की योजना है। इससे राजधानी भोपाल में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार होगा और नए निवेश के अवसर भी बढ़ेंगे।
25 एकड़ में बनेगा विश्वस्तरीय कन्वेंशन और एग्जिबिशन सेंटर
इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक लगभग 25 एकड़ क्षेत्र में बनने वाला विश्वस्तरीय कन्वेंशन एवं एग्जिबिशन सेंटर है। यह परिसर 10 हजार से अधिक लोगों की क्षमता वाला होगा, जहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के निवेशक सम्मेलन, औद्योगिक प्रदर्शनियां, व्यापारिक आयोजन और वैश्विक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।
इससे भोपाल को मध्य भारत के प्रमुख एमआईसीई (मीटिंग्स, इंसेंटिव्स, कॉन्फ्रेंस और एग्जिबिशन) गंतव्य के रूप में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
कोलार क्षेत्र बनेगा निवेश और रोजगार का नया केंद्र
सतगढ़ी में विकसित हो रही यह परियोजना कोलार क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा देगी। अब तक मुख्य रूप से आवासीय क्षेत्र के रूप में विकसित कोलार आने वाले समय में उद्योग, निवेश और रोजगार का प्रमुख केंद्र बन सकता है। अनुमान है कि इस परियोजना से 15 हजार से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे, जिससे भोपाल और आसपास के युवाओं को बड़ा लाभ मिलेगा।
बेहतर कनेक्टिविटी से मिलेगा उद्योगों को फायदा
रणनीतिक दृष्टि से भी यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सतगढ़ी क्षेत्र राजा भोज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, कोलार रोड और प्रस्तावित वेस्टर्न बायपास से बेहतर तरीके से जुड़ा हुआ है। इससे उद्योगों की स्थापना, परिवहन और लॉजिस्टिक्स गतिविधियों को अतिरिक्त मजबूती मिलेगी।
ग्रीन और स्मार्ट तकनीक से होगा विकास
स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क को पर्यावरण अनुकूल औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां एससीएडीए आधारित जल प्रबंधन प्रणाली, जल एवं सीवेज शोधन संयंत्र, ऑटोमेटेड एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग सिस्टम, इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन, आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था और अत्याधुनिक यूटिलिटी कॉरिडोर जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे औद्योगिक विकास के साथ संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।



