उत्तर प्रदेशराज्य

योगी मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मंत्रियों को आवंटित हुए कार्यालय, भूपेन्द्र चौधरी को विधान भवन में मिला अहम कक्ष, विभागों को लेकर अटकलें तेज

लखनऊ: योगी आदित्यनाथ सरकार के दूसरे मंत्रिमंडल विस्तार के बाद नव नियुक्त मंत्रियों को कार्यालय आवंटित कर दिए गए हैं। कैबिनेट मंत्री बनाए गए भूपेन्द्र चौधरी को मुख्य भवन यानी विधान भवन में कार्यालय दिया गया है, जबकि अन्य मंत्रियों को बापू भवन सचिवालय में कक्ष आवंटित किए गए हैं। कार्यालय आवंटन के साथ ही राजनीतिक गलियारों में मंत्रियों के विभागों को लेकर चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।

भूपेन्द्र चौधरी को मुख्य भवन के प्रथम तल पर स्थित कक्ष संख्या 82-बी आवंटित किया गया है। यही कक्ष पहले लोक निर्माण विभाग संभाल चुके जितिन प्रसाद के पास था। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में सांसद बनने के बाद जितिन प्रसाद के केंद्र में मंत्री बनने पर लोक निर्माण विभाग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास ही है। ऐसे में अब यह चर्चा जोर पकड़ने लगी है कि क्या भूपेन्द्र चौधरी को लोक निर्माण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

बापू भवन में अन्य मंत्रियों को मिले कक्ष

सचिवालय प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय को बापू भवन के आठवें तल पर कक्ष संख्या एफ-1/2 आवंटित किया गया है। वहीं राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार अजीत सिंह पाल को तृतीय तल पर एफ-1/2 और राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार सोमेन्द्र तोमर को चतुर्थ तल पर एफ-1/2 कक्ष दिया गया है।

हालांकि अजीत सिंह पाल और सोमेन्द्र तोमर के पास राज्य मंत्री रहते हुए पहले से यही कक्ष थे। इसके अलावा राज्य मंत्री कृष्णा पासवान को चतुर्थ तल पर एफ-3/4, राज्य मंत्री सुरेन्द्र दिलेर को छठवें तल पर एफ-3/4 और राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा को तृतीय तल पर एफ-3/4 कक्ष आवंटित किया गया है।

कैलाश राजपूत को अब तक नहीं मिला कार्यालय

मंत्रिमंडल में शामिल किए गए कैलाश राजपूत को फिलहाल कोई कार्यालय आवंटित नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि उन्हें उनकी पसंद का कक्ष नहीं मिल पाया है, जिसके चलते आवंटन फिलहाल लंबित रखा गया है।

रविवार को विभागों के बंटवारे को लेकर कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं होने से सोमवार भर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में नए मंत्रियों के विभागों को लेकर चर्चाएं चलती रहीं। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की व्यस्तताओं के चलते विभागों की सूची जारी नहीं हो सकी।

असम दौरे के बाद विभागों के बंटवारे की संभावना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार सुबह असम में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए रवाना होंगे। उनका शाम करीब चार बजे लखनऊ लौटने का कार्यक्रम है। ऐसे में माना जा रहा है कि मंत्रियों के विभागों का अंतिम बंटवारा बुधवार तक किया जा सकता है।

समर्थकों और विधायकों से मिलते रहे नए मंत्री

शपथ ग्रहण के अगले दिन नए मंत्रियों ने अपने-अपने आवासों और कार्यालयों पर समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और विधायकों से मुलाकात की। कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय दिलकुशा कॉलोनी स्थित आवास पर समर्थकों से शुभकामनाएं लेते रहे। इस दौरान उन्होंने ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधिमंडल से भी मुलाकात की।

भूपेन्द्र चौधरी सुबह सबसे पहले विधान भवन स्थित अपने नए कार्यालय पहुंचे और वहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने शुभचिंतकों से मुलाकात की।

वहीं कैलाश राजपूत ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पौत्र और मंत्री संदीप सिंह से मुलाकात कर लोधी समाज से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। राज्य मंत्री कृष्णा पासवान ने विधायक आवास पर फतेहपुर जिले के विधायकों के साथ विकास कार्यों को लेकर बैठक की। पासी समाज के कई प्रतिनिधि भी उनसे मिलने पहुंचे। दूसरी ओर मंत्री सुरेन्द्र दिलेर दिनभर अलीगढ़ से आए समर्थकों से मुलाकात करते रहे।

Related Articles

Back to top button