
करनाल: हरियाणा के करनाल में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पांच विदेशी पिस्टल और एक थार वाहन बरामद किया गया है। गिरफ्तार किए गए बदमाशों में एक आरोपी पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर पर हुई फायरिंग की घटना में भी शामिल बताया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए सभी पांचों आरोपियों के तार विदेश में बैठे गैंगस्टरों से जुड़े हुए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी अलग-अलग राज्यों के रहने वाले हैं और यमुनानगर व करनाल में फायरिंग की कई वारदातों में शामिल रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये दो अलग-अलग विदेशी गैंग के संपर्क में थे।
नेशनल हाईवे से हुई गिरफ्तारी
एसटीएफ के डीएसपी अमन कुमार राय ने बताया कि पांचों आरोपियों को करनाल नेशनल हाईवे से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से पांच विदेशी हथियार और एक थार बरामद की गई है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने यमुनानगर में एक व्यापारी के शोरूम पर फायरिंग की थी। वहीं, इनमें से एक आरोपी करनाल के निसंग क्षेत्र में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर पर हुई फायरिंग की घटना में भी शामिल था।
विदेशी गैंग से जुड़े होने की जांच जारी
डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दो अलग-अलग गैंग से जुड़े हुए हैं। पुलिस अब उनके नेटवर्क, संपर्कों और अन्य वारदातों में संलिप्तता की गहन जांच कर रही है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है ताकि पूरे गिरोह और उसके नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
तीन आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपी पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इनमें से तीन आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसटीएफ अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का किन-किन घटनाओं में हाथ रहा है और विदेश में बैठे गैंगस्टरों से उनका संपर्क किस स्तर तक था।



