उत्तराखंड

देहरादून में ट्रैफिक दबाव को लेकर बड़ा एक्शन प्लान, इकोनॉमिक कॉरिडोर से बढ़ेगा दबाव; मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून। राजधानी देहरादून में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए सरकार ने व्यापक रणनीति पर काम तेज कर दिया है। शुक्रवार को सचिवालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने देहरादून मोबिलिटी प्लान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से ट्रैफिक सुधार योजनाएं लागू करने के निर्देश दिए।

इकोनॉमिक कॉरिडोर और चारधाम यात्रा से बढ़ेगा ट्रैफिक दबाव

मुख्य सचिव ने स्पष्ट कहा कि देहरादून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर के निर्माण के बाद शहर में यातायात का दबाव और बढ़ेगा। खासतौर पर सप्ताहांत और चारधाम यात्रा के दौरान ट्रैफिक प्रबंधन बड़ी चुनौती बनेगा। ऐसे में पहले से ही एक मजबूत और प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

आढ़त बाजार का काम तेज करने के निर्देश, 15 मई तक लक्ष्य

बैठक में आढ़त बाजार से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने रजिस्ट्री और मुआवजे की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश देते हुए 15 मई 2026 तक इसे पूरा करने को कहा। साथ ही, प्रस्तावित ध्वस्तीकरण कार्य को भी जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। निरंजनपुर मंडी के संचालन के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने हेतु साइट चयन समिति बनाने के निर्देश भी दिए गए।

अंडरग्राउंड पार्किंग और जंक्शन सुधार पर फोकस

शहर में पार्किंग की समस्या को देखते हुए सचिवालय और परेड ग्राउंड के पास अंडरग्राउंड पार्किंग के लिए व्यवहार्यता रिपोर्ट और डीपीआर जल्द तैयार करने को कहा गया है। इसके अलावा कारगी चौक सहित विभिन्न जंक्शनों के सुधार कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि 4 जंक्शनों पर काम शुरू हो चुका है, जबकि 6 अन्य प्रस्ताव प्रक्रिया में हैं।

पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मजबूत करने की योजना, सितंबर तक 100 बसें

मुख्य सचिव ने सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर देते हुए परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि सितंबर तक देहरादून के विभिन्न रूट्स पर 100 बसें संचालित की जाएं। इसके लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया है।

नो-पार्किंग और ट्रैफिक नियमों पर सख्ती, बढ़ेंगी टोइंग वैन

पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए। लेफ्ट टर्न को फ्री रखने और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है। बड़े आयोजनों, शोभायात्राओं और धरना-प्रदर्शनों के दौरान ट्रैफिक प्लान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही, टोइंग वैन की संख्या बढ़ाने के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा गया।

ओवरस्पीडिंग रोकने और मॉनिटरिंग सिस्टम मजबूत करने पर जोर

रात के समय होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए मुख्य सचिव ने ओवरस्पीडिंग रोकने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। स्पीड ब्रेकर, साइनज और एएनपीआर कैमरों के जरिए निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया गया।

पार्किंग क्षमता का पूरा उपयोग और निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश

मुख्य सचिव ने शहर में चिन्हित पार्किंग स्थलों और सरकारी व व्यावसायिक संस्थानों की पार्किंग क्षमता का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, बिजली और गैस पाइपलाइन से जुड़े अंडरग्राउंड कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए समन्वित प्रयासों पर जोर दिया गया।

Related Articles

Back to top button