पंजाबराज्य

लुधियाना में तंबाकू और ई-सिगरेट के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, स्कूलों के 100 मीटर दायरे में ताबड़तोड़ चेकिंग; दुकानदारों में मचा हड़कंप

लुधियाना: स्कूली बच्चों और युवाओं को तंबाकू, निकोटीन और नशे से दूर रखने के लिए लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष अभियान शुरू किया है। ‘से नो टू टोबैको एंड ई-सिगरेट’ थीम के तहत शहर के स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों के आसपास विशेष चेकिंग के साथ जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिबंधित दायरे में तंबाकू उत्पाद, सिगरेट और प्रतिबंधित ई-सिगरेट बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

स्कूलों के आसपास अचानक चेकिंग से दुकानदारों में हड़कंप

पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर विभिन्न थानों और पीसीआर की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्कूलों के आसपास अचानक जांच अभियान चलाया। सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) के तहत स्कूलों और शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित है।

पुलिस के मुताबिक, इसके बावजूद कुछ खोखा संचालकों और छोटी दुकानों पर स्कूली छात्रों को सिगरेट, फ्लेवर्ड तंबाकू और अवैध ई-सिगरेट बेचे जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। टीमों ने ऐसे संदिग्ध खोखों, पान की दुकानों और कैंटीनों की तलाशी ली।

ई-सिगरेट पर विशेष नजर, नियम तोड़ने वालों के चालान

अभियान के दौरान जिन दुकानों पर नियमों का उल्लंघन पाया गया, वहां COTPA के तहत चालान किए गए और प्रतिबंधित सामग्री जब्त की गई। पुलिस अधिकारियों ने विशेष रूप से ई-सिगरेट और वेप की बिक्री पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

केंद्र सरकार की ओर से ई-सिगरेट पर प्रतिबंध लागू होने के बावजूद इसके चोरी-छिपे इस्तेमाल और बिक्री की शिकायतों को देखते हुए पुलिस ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी है। अधिकारियों ने कहा कि नाबालिग छात्रों को सिगरेट, ई-सिगरेट या अन्य नशीले पदार्थ बेचते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जागरूकता के साथ लगातार जारी रहेगा अभियान

कमिश्नरेट पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, यह अभियान सिर्फ एक दिन की कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे लगातार जारी रखा जाएगा। पुलिस टीमें छात्रों और स्कूल प्रबंधन के साथ मिलकर तंबाकू के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता भी फैला रही हैं।

पुलिस ने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की है। साथ ही स्कूलों के आसपास तंबाकू या नशीले पदार्थों की बिक्री दिखाई देने पर स्थानीय पुलिस को सूचना देने को कहा गया है।

Related Articles

Back to top button