
UPPSC की परीक्षाओं में बड़ा बदलाव, हर परीक्षा कक्ष में लगेगा जैमर; नकल रोकने के लिए हाईटेक होगी पूरी व्यवस्था
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने भर्ती परीक्षाओं को पूरी तरह नकलमुक्त और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। आयोग अब अपनी परीक्षाओं में प्रत्येक परीक्षा कक्ष में सिग्नल जैमर लगाने की तैयारी कर रहा है, ताकि मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए होने वाली किसी भी तरह की नकल या बाहरी संपर्क की संभावना पूरी तरह खत्म की जा सके।
आयोग के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत हर परीक्षा कक्ष में जैमर लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्षता को और मजबूत करना तथा तकनीक के माध्यम से होने वाली अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाना है।
सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत
अब तक आयोग परीक्षा केंद्रों पर थर्मल स्कैनर और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था करता रहा है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद निगरानी तंत्र और अधिक सख्त होगा। इससे परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक गड़बड़ी या नकल की कोशिश को रोकने में मदद मिलेगी।
आधार से जुड़ेगा अभ्यर्थियों का पंजीकरण
आयोग अभ्यर्थियों के सत्यापन की प्रक्रिया को भी और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में काम कर रहा है। वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) प्रणाली पहले से लागू है। अब हरियाणा लोक सेवा आयोग की तर्ज पर अभ्यर्थियों के पंजीकरण को आधार से जोड़ने की तैयारी की जा रही है।
फर्जी अभ्यर्थियों पर लगेगी रोक
आयोग का मानना है कि आधार आधारित सत्यापन व्यवस्था लागू होने से फर्जी अभ्यर्थियों पर प्रभावी रोक लगेगी और पूरी चयन प्रक्रिया पहले से अधिक पारदर्शी एवं विश्वसनीय बन सकेगी। इसके साथ ही भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करने में भी यह व्यवस्था अहम भूमिका निभाएगी।



