उज्जैन में 2 करोड़ के तांबे के स्क्रैप की बड़ी खेप पकड़ी, 5 वाहनों के साथ इतने तस्कर गिरफ्तार; चोरी के माल का शक

उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में पुलिस ने तांबे के स्क्रैप की बड़ी खेप पकड़ी है। रणकेश्वर मंदिर के पास पुल के नीचे कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तांबे के चूरे से भरे पांच लोडिंग वाहन जब्त किए हैं। इन वाहनों और उनमें लदे माल की कुल अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से पांच वाहन चालकों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में माल से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं मिलने के बाद पुलिस को इसके चोरी का होने का संदेह है।
वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके वाहन चालक
पुलिस को मिली विशेष सूचना के आधार पर रणकेश्वर मंदिर के पास पुल के नीचे वाहनों की जांच की गई। इस दौरान पांच टाटा एस लोडिंग वाहन तांबे के स्क्रैप से भरे मिले। पुलिस ने चालकों से माल से संबंधित बिल, बिल्टी और परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई भी संतोषजनक जवाब या वैध कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने चोरी के माल की आशंका में पांचों वाहनों और उनमें लदे स्क्रैप को जब्त कर लिया।
पांच वाहनों में मिला 16,575 किलो कुल वजन
पुलिस के मुताबिक, जब्त किए गए पांचों वाहनों का वजन श्री हरिओम धर्मकांटा पर कराया गया। इनमें एक टाटा एस वाहन का नंबर MP-09-AX-5704 है, जिसका वजन 4,165 किलोग्राम दर्ज किया गया। बिना नंबर वाले नए टाटा एस गोल्ड वाहन का वजन 2,335 किलोग्राम मिला।
इसके अलावा, MP-09-AJ-2175 नंबर वाले वाहन का वजन 4,035 किलोग्राम, MP-09-BK-4988 नंबर वाले वाहन का वजन 2,965 किलोग्राम और MP-09-BR-4162 नंबर वाले वाहन का वजन 3,075 किलोग्राम दर्ज किया गया। पांचों वाहनों का कुल ग्रॉस वजन 16,575 किलोग्राम बताया गया है। इनमें करीब 11 टन तांबे का स्क्रैप मिला है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये है।
इंदौर के पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से पांचों वाहन चालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान इंदौर निवासी सुरेश पिता मोहनलाल सोलंकी, राहुल पिता राधेश्याम चौहान, शंकर पिता कैलाश सिंह ढाला, रामकिशन पिता मांगीलाल पंवार और विनायक पिता रमेश राठौर के रूप में हुई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(1)(e)/106 के तहत इस्तगासा पंजीबद्ध किया है। जब्त वाहनों और तांबे के स्क्रैप को थाने में सुरक्षित रखवाया गया है।
तांबे का स्क्रैप कहां से आया, पुलिस कर रही जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि करीब 11 टन तांबे का स्क्रैप कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि माल का संबंध किसी चोरी की वारदात या अवैध नेटवर्क से तो नहीं है। जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।



