व्यापार

ATF के दामों में बड़ा इजाफा, हवाई यात्रा पर बढ़ सकता है असर; एयरलाइंस को मिला 3 साल तक तय कीमत पर ईंधन लेने का विकल्प

नई दिल्ली: वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में जारी उतार-चढ़ाव के बीच केंद्र सरकार ने घरेलू विमानन क्षेत्र के लिए विमान ईंधन (एटीएफ) से जुड़ा अहम फैसला लिया है। सरकार ने मंगलवार को एटीएफ की कीमतों में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी। हालांकि इसके साथ ही घरेलू एयरलाइंस कंपनियों को अगले तीन वर्षों तक निश्चित दर पर ईंधन खरीदने का विकल्प भी दिया गया है।

नई व्यवस्था के तहत एटीएफ की कीमत 104.927 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 115 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी। सरकार की इस योजना को अपनाने वाली घरेलू एयरलाइंस को अगले तीन साल तक इसी निर्धारित दर पर ईंधन उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं जो कंपनियां इस विकल्प को नहीं चुनेंगी, उन्हें अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस की तरह बाजार आधारित दरों पर ईंधन खरीदना होगा, जिसकी मौजूदा कीमत 142 रुपये प्रति लीटर बताई जा रही है।

एयरलाइंस को मिला तीन साल तक तय दर पर ईंधन खरीदने का मौका

सरकार ने बढ़ी हुई कीमतों के साथ घरेलू एयरलाइंस को लागत प्रबंधन में राहत देने के उद्देश्य से एक विशेष विकल्प भी उपलब्ध कराया है। इस योजना के तहत कंपनियां अगले तीन वर्षों के लिए 115 रुपये प्रति लीटर की स्थिर दर पर ईंधन लेने का फैसला कर सकती हैं। इससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल कीमतों के उतार-चढ़ाव से होने वाले जोखिम से बचाव मिलेगा और परिचालन खर्च का दीर्घकालिक आकलन करने में सुविधा होगी।

योजना अपनाना पूरी तरह वैकल्पिक, बाहर रहने पर बाजार भाव लागू

सरकारी सूत्रों के अनुसार यह व्यवस्था पूरी तरह ऐच्छिक रखी गई है। जिन घरेलू विमानन कंपनियों की ओर से इस योजना को स्वीकार नहीं किया जाएगा, उन्हें बाजार में लागू मौजूदा दरों पर ही एटीएफ खरीदना होगा। ऐसे मामलों में ईंधन की कीमतें वैश्विक बाजार की परिस्थितियों के अनुसार बदलती रहेंगी, जैसा कि अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस के लिए लागू व्यवस्था में होता है।

Related Articles

Back to top button