
मोहाली: ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) ने मोहाली में नए के-12 और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों की स्थापना के लिए तीन शैक्षणिक प्लॉट्स की ई-नीलामी की घोषणा की है। इसके लिए शैक्षणिक संस्थानों, ट्रस्टों, सोसायटियों और अन्य पात्र आवेदकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
यह ई-नीलामी गमाडा की वर्ष 2025 की शैक्षणिक प्लॉट आवंटन नीति के तहत तकनीकी और वित्तीय बोली प्रणाली के माध्यम से आयोजित की जाएगी। तीनों प्लॉट केवल के-12 और सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्थापित करने के उद्देश्य से आवंटित किए जाएंगे।
इन सेक्टरों में उपलब्ध हैं शैक्षणिक प्लॉट
ई-नीलामी के तहत सेक्टर-77 में 2.50 एकड़ का शैक्षणिक प्लॉट 23.74 करोड़ रुपये की आरक्षित कीमत पर उपलब्ध कराया गया है। वहीं सेक्टर-79 में 2.00 एकड़ का प्लॉट 20.71 करोड़ रुपये की आरक्षित कीमत पर रखा गया है। इसके अलावा सेक्टर-66 (बीटा, आईटी सिटी) में 4.10 एकड़ का शैक्षणिक प्लॉट 48.53 करोड़ रुपये की आरक्षित कीमत के साथ नीलामी के लिए सूचीबद्ध किया गया है।
10 जुलाई से शुरू हुई ऑनलाइन बोली
ऑनलाइन बोली प्रक्रिया 10 जुलाई को दोपहर 12 बजे शुरू हो गई है और इच्छुक आवेदक 10 अगस्त को दोपहर 12 बजे तक अपनी बोली जमा कर सकेंगे। इसके बाद तकनीकी बोली का मूल्यांकन किया जाएगा। पात्र आवेदकों की वित्तीय बोली खोलने की तिथि बाद में घोषित की जाएगी।
पूरी प्रक्रिया रहेगी ऑनलाइन और पारदर्शी
गमाडा के अनुसार, पूरी ई-नीलामी प्रक्रिया ऑनलाइन, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संचालित की जाएगी। इच्छुक आवेदकों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पंजाब ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर आवेदन करना होगा। पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, भुगतान की शर्तों और अन्य नियमों से संबंधित विस्तृत जानकारी गमाडा की आधिकारिक वेबसाइट और पंजाब ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है।
शिक्षा ढांचे को मिलेगी मजबूती
गमाडा के अधिकारियों का कहना है कि मोहाली तेजी से शिक्षा और सूचना प्रौद्योगिकी केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। ऐसे में नए स्कूलों की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए इन शैक्षणिक प्लॉट्स की ई-नीलामी की जा रही है। उनका कहना है कि इससे शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आधुनिक शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना होगी और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ शिक्षा ढांचे को भी मजबूती मिलेगी।



