बिहारराज्य

पटना को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत, सीएम सम्राट ने दी 2 सौगात; करबिगहिया से पुनपुन तक फर्राटा भरेगा यातायात

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को राजधानी पटना को यातायात से जुड़ी दो बड़ी परियोजनाओं की सौगात दी। 249 करोड़ रुपये की लागत से तैयार मीठापुर बस स्टैंड को मीठापुर गोलंबर से जोड़ने वाले फ्लाईओवर, पहुंच पथ और सेवा पथ का लोकार्पण किया गया। इस परियोजना में नवनिर्मित करबिगहिया गोलंबर का पहला चरण भी शामिल है। इसके शुरू होने से मीठापुर क्षेत्र में आवागमन आसान होने के साथ पटना में जाम की समस्या कम होने और पुनपुन तक यातायात को गति मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने मीठापुर-महुली-पुनपुन परियोजना के तहत मीठापुर से सिपारा तक बने 2.1 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड पथ का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि करबिगहिया-मीठापुर फ्लाईओवर शुरू होने से रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। मीठापुर बस स्टैंड और आसपास के इलाकों के लोगों को भी बेहतर संपर्क मार्ग उपलब्ध होगा। वहीं, एलिवेटेड पथ के जरिए मीठापुर से महुली होते हुए पुनपुन की ओर जाने वाले यात्रियों का सफर आसान होगा।

करबिगहिया और स्टेशन रोड पर भी घटेगा दबाव

मीठापुर-सिपारा मार्ग पर लगने वाले जाम से आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। करबिगहिया, मीठापुर और स्टेशन रोड पर यातायात का दबाव कम होने से इन इलाकों में आवागमन सुगम होगा। लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने खुद नवनिर्मित फ्लाईओवर और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कुछ दूरी तक पैदल चलकर और फिर वाहन से पूरे मार्ग की स्थिति देखी।

पटना से गयाजी और रिंग रोड तक सीधा संपर्क

मीठापुर-रामगोबिंद सिंह महुली-पुनपुन पथ परियोजना का शिलान्यास अक्टूबर 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था। इसका निर्माण कार्य 27 नवंबर 2023 को शुरू हुआ था। परियोजना को दो वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन निर्माण करीब नौ महीने की देरी से पूरा हुआ। लगभग पौने तीन वर्ष में परियोजना का निर्माण पूरा किया गया है।

परियोजना का मुख्य मार्ग चार लेन वाला एलिवेटेड मार्ग है। इसके जरिए पटना से गयाजी और पटना रिंग रोड के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा। पूरी परियोजना में एलिवेटेड सड़क की लंबाई 4.30 किलोमीटर है। दूसरे चरण के पूरा होने के साथ शुक्रवार को परियोजना का निर्माण कार्य भी पूरा हो गया। दूसरे चरण में 2.10 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड सड़क का निर्माण किया गया है।

दूसरे चरण पर 231.23 करोड़ रुपये हुए खर्च

करबिगहिया-मीठापुर और महुली फ्लाईओवर के लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने निर्माण और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। परियोजना का प्रारंभिक बिंदु मीठापुर और अंतिम बिंदु पुनपुन का लक्ष्मण झूला है, जो राष्ट्रीय राजमार्ग-22 के गया-डोभी खंड से जुड़ता है। परियोजना के दूसरे चरण पर 231.23 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए भी विशेष व्यवस्था

एलिवेटेड मार्ग की पूरी लंबाई में यातायात के शोर को कम करने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले ध्वनिशोषक लगाए गए हैं। इसका उद्देश्य सड़क के किनारे रहने वाले लोगों को ध्वनि प्रदूषण से राहत देना है। रात में यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए पूरे मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था की गई है। एलिवेटेड मार्ग के बीच एंटी ग्लास स्क्रीन भी लगाई गई है।

यह मार्ग चार लेन वाले संपर्क गलियारे के रूप में विकसित होगा। इसके जरिए पटना से गयाजी, गयाजी से बिहारशरीफ, बिहारशरीफ से बख्तियारपुर और फिर बख्तियारपुर से पटना तक राष्ट्रीय राजमार्ग-83, 82, 31 और 30 के माध्यम से संपर्क मजबूत होगा।

लोकार्पण कार्यक्रम में कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधायक श्याम रजक और अरुण मांझी, विधानपार्षद नवल किशोर यादव और रवीन्द्र प्रसाद सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पथ निर्माण सचिव पंकज पाल, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक जितेन्द्र राणा, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा, पुल निर्माण निगम के अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार और पथ विकास निगम के प्रबंध निदेशक सौरभ जोरवाल समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button