झारखण्डराज्य

झारखंड में सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी! 25 लाख का इनामी नक्सली ‘टाइगर’ गिरफ्तार, 100 से ज्यादा मामलों में था वांछित

गिरिडीह: झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। गिरिडीह पुलिस ने 25 लाख रुपये के इनामी कुख्यात नक्सली अजय महतो उर्फ टाइगर उर्फ बासुदेव को गिरफ्तार कर लिया है। वह गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव का रहने वाला है और लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था।

गुप्त सूचना पर छापेमारी, दो अन्य संदिग्ध भी हिरासत में

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर हरलाडीह स्थित करमू मांझी के घर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान घर में छिपे अजय महतो उर्फ टाइगर को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से उसके साथ मौजूद दो अन्य संदिग्ध नक्सलियों को भी हिरासत में लिया गया है। फिलहाल तीनों से विशेष टीम पूछताछ कर रही है।

100 से अधिक गंभीर मामलों में दर्ज है नाम

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अजय महतो भाकपा (माओवादी) का स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य और पारसनाथ क्षेत्र का जोनल कमांडर रह चुका है। उसके खिलाफ हत्या, लेवी वसूली, लूट, पुलिस बल पर हमला, आईईडी विस्फोट और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित 100 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर गिरिडीह, बोकारो, धनबाद और हजारीबाग के सीमावर्ती इलाकों में कई नक्सली घटनाओं को अंजाम देने के आरोप हैं।

कई राज्यों की पुलिस को थी तलाश

अजय महतो की तलाश केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा की पुलिस भी कर रही थी। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, गिरिडीह के उपायुक्त पहले ही अजय महतो समेत 12 नक्सलियों के खिलाफ देशद्रोह और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत मुकदमा चलाने की अनुशंसा राज्य सरकार को भेज चुके थे, जिसे गृह विभाग से मंजूरी मिल चुकी है।

गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी

गिरफ्तारी के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सख्त कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने इसे नक्सली संगठन के लिए बड़ा झटका बताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सक्रिय अन्य नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान को और तेज किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button