टॉप न्यूज़राष्ट्रीय

सवा सौ करोड़ देशवासियों के साथ है भाजपा का गठबंधनः प्रधानमंत्री मोदी

नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) के खिलाफ देश में बन रहे विपक्षी महागठबंधन पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि गठबंधन उन्होंने भी किया है और भाजपा ने भी। उनका का दलों के साथ गठबंधन है और भाजपा का गठबंधन 125 करोड़ देशवासियों के साथ है।

पीएम मोदी ने आज महाराष्ट्र और गोवा के हटकनंगले, कोल्हापुर, माधा, सतारा और दक्षिण गोवा की लोकसभा सीटों के भाजपा कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए कहा कि विपक्षी महागठबंधन के पास अगर धनशक्ति है तो भाजपा के पास जनशक्ति है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की खुद की पार्टी में लोकतंत्र का नामो निशान नहीं है, वो आज लोकतंत्र के नाम पर देश को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कोलकाता में गत शनिवार को विपक्षी एकजुटता दिखाने के लिए हुई रैली की ओर इशारा करते हुए कहा कि जिस मंच से ये लोग देश और लोकतंत्र बचाने की बात कह रहे थे, उसी मंच पर एक नेता ने बोफोर्स घोटाले की याद दिला दी।

मोदी ने विपक्षी महागठबंधन को नामदारों का गठबंधन करार देते हुए कहा कि ये महागठबंधन एक अनोखा बंधन है। ये बंधन भाई-भतीजावाद, भ्रष्टाचार और घोटालों का बंधन है। उन्होंने कहा कि ये बंधन अस्थिरता और असमानता का बंधन है।

सामान्य वर्ग के गरीबों को सरकारी नौकरी और शिक्षण संस्थानों में दस प्रतिशत आरक्षण को चुनाव से पहले लागू करने पर स्पष्टीकरण देते हुए मोदी ने कहा कि जब जनता के व्यापक हित में सरकार ने ऐसा ऐतिहासिक फैसला लिया है, तो राजनीतिक पार्टियों का विरोध स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि जो लोग कहते हैं कि सरकार ने ये फैसला चुनाव के लिए किया है तो उन्हें बताना चाहिए कि देश में चुनाव कब नहीं होते।

नरेन्द्र मोदी ने ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत करते हुए कहा कि उन्हें उनके संघर्ष, पार्टी और देश को आगे ले जाने के लिए रात-दिन एक करने की तैयारी देख कर बहुत संतोष होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता चाहे नया हो या पुराना, उसे लेकर लोगों में एक अच्छा प्रभाव होता है, लोगों को उन पर भरोसा होता है कि यह सुख-दुख में काम आने वाला व्यक्ति है। देश और समाज की चिंता करने वाला व्यक्ति है। उन्होंने कहा कि यह कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही नतीजा है कि कम समय में भाजपा 2 से 282 सीट तक पहुंची। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के कार्यकर्ताओं ने पिछले 4-5 साल में बहुत मेहनत की है और महाराष्ट्र के लोगों का विश्वास जीतने का अभूतपूर्व कार्य किया है, जिससे यहां भाजपा का इतना अधिक विस्तार हुआ है।

Related Articles

Back to top button