मेरठ में पारिवारिक विवाद में खूनी संघर्ष, जमकर चले लाठी-डंडे ताबड़तोड़ फायरिंग
ससुराल पक्ष के लोगों ने युवक के साथ अभद्रता की और उसे वापस लौटने को कहा।
Meerut Crime News: जिले के थाना सरधना अंतर्गत गांव मिलक में पति-पत्नी के पारिवारिक विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और ताबड़तोड़ फायरिंग हुई।
दो महीने से विवाहिता का चल रहा था पति से विवाद
एक विवाहिता का अपने पति से पिछले लगभग दो महीने से विवाद चल रहा था। जिसके चलते वो मायके में रह रही थी। पति अपने परिजनों के साथ अपनी पत्नी को वापस ले जाने के लिए अपनी ससुराल पहुंचा। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। जो झगड़े में बदल गई। ससुराल पक्ष के लोगों ने युवक के साथ अभद्रता की और उसे वापस लौटने को कहा।
पति पक्ष के लोग फिर मौके पर पहुंच गए
इसी बात से नाराज पति पक्ष के लोग फिर मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों ओर से लाठी-डंडों चले और मारपीट हुई। इस दौरान फायरिंग भी की गई। जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया और लोग घरों में छिपने को मजबूर हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सरधना थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है।



