स्पोर्ट्स

ब्रैंडन टेलर ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड, बना सबसे लंबे वनडे करियर का मालिक; 22 साल 148 दिन का ऐतिहासिक सफर

हरारे: ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे के बीच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में क्रिकेट इतिहास का बड़ा रिकॉर्ड बना। जिम्बाब्वे के 40 वर्षीय दिग्गज बल्लेबाज ब्रैंडन टेलर ने मैदान पर उतरते ही भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का सबसे लंबे वनडे करियर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। टेलर का वनडे करियर अब 22 साल और 148 दिनों का हो गया है। इसके साथ ही वह पुरुष वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे लंबे समय तक सक्रिय रहने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

सचिन तेंदुलकर ने अपने वनडे करियर में 22 साल और 91 दिन तक खेलकर यह वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। ब्रैंडन टेलर ने 22 साल और 4 महीने से ज्यादा के अपने सफर के साथ सचिन के इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। उन्होंने 2004 में श्रीलंका के खिलाफ बुलावायो में महज 18 साल की उम्र में वनडे डेब्यू किया था। अब 40 साल की उम्र में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैदान पर उतरकर उन्होंने 22 साल और 148 दिनों का सफर पूरा कर लिया।

संन्यास और बैन के बाद की इंटरनेशनल वापसी

ब्रैंडन टेलर का यह सफर आसान नहीं रहा। उन्होंने 2021 में संन्यास लिया था। इसके बाद उन्हें ICC की ओर से साढ़े तीन साल का बैन भी झेलना पड़ा। तमाम मुश्किलों के बावजूद उन्होंने 2025 में इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की और अब अपने नाम एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज करा लिया है।

टेलर के नाम जिम्बाब्वे की ओर से वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा 11 शतक लगाने का रिकॉर्ड भी दर्ज है।

40 की उम्र में लपका शानदार कैच

40 साल की उम्र में भी ब्रैंडन टेलर की फिटनेस और रिफ्लेक्स मैदान पर शानदार नजर आए। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के इन-फॉर्म बल्लेबाज जोश इंगलिस को आउट करने के लिए हवा में डाइव लगाकर एक शानदार कैच पकड़ा। उनके इस कैच ने हरारे में मौजूद दर्शकों को रोमांचित कर दिया और यह दिखाया कि टेलर केवल रिकॉर्ड बनाने के लिए ही नहीं, बल्कि टीम के लिए भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button