टॉप न्यूज़राज्यराष्ट्रीय

25 साल से कांग्रेस के सदस्य रहे बृजेश कलप्पा ने छोड़ी पार्टी, सोनिया गांधी को कहा धन्यवाद

बेंगलुरू: कर्नाटक के कांग्रेस नेता और सुप्रीम कोर्ट के वकील बृजेश कलप्पा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। वह 25 साल से कांग्रेस में थे। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर अपना इस्तीफा सौंपा है। उन्होंने अपने पत्र में लिखा कि वह खुद में उत्साह की कमी पा रहे हैं। उनका खुद का प्रदर्शन भी सही नहीं रहा है। इसी के चलते वह पार्टी की प्राथिमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं। कलप्पा ने अपना इस्तीफा 30 मई को सौंपा था।

उन्होंने सोनिया गांधी को लिखे पत्र में धन्यवाद भी दिया। कहा, पार्टी ने उन्हें नए अवसर दिए। इसमें मंत्री पद के साथ कर्नाटक सरकार के कानूनी सलाहकार के रूप में उनकी नियुक्ति शामिल है। उन्होंने कहा, 2014 और 2019 की हार के बाद पार्टी के लिए सबसे बुरे समय में भी, मैंने कभी भी ऊर्जा और उत्साह में कमी महसूस नहीं की है। लेकिन, हाल के दिनों में मेरा अपना प्रदर्शन ठीक नहीं रहा है।

पार्टी से थे नाराज
वहीं पार्टी के सूत्रों के मुताबिक, कलप्पा हालिया एमएलसी चुनाव और आगामी राज्यसभा चुनावों में उन्हें उम्मीदवार न बनाए जाने से नाराज थे। इसी के चलते उन्होंने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष को सौंपा है। कलप्पा 1997 में कांग्रेस से जुड़े थे। वह करीब 25 साल तक पार्टी के साथ रहे।

Related Articles

Back to top button