मध्य प्रदेशराज्य

19 जुलाई को जगदीशपुर में होगी कैबिनेट बैठक, यूसीसी विधेयक पर मंथन; विधानसभा सत्र से पहले सीएम मोहन यादव का बड़ा संदेश

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि मंत्रि-परिषद की अगली बैठक 19 जुलाई, रविवार को भोपाल जिले के जगदीशपुर (पूर्व में इस्लाम नगर) में आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री के अनुसार यह विधेयक एक देश-एक विधान-एक प्रधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने यह भी कहा कि 20 जुलाई से विधानसभा का सत्र शुरू होगा, जो 24 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान 14 विधेयक प्रस्तुत किए जाएंगे, इसलिए सभी मंत्री अपने-अपने विभागों से जुड़े विधेयकों की तैयारियां समय पर पूरी करें। मुख्यमंत्री मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले मंत्रीगण को संबोधित कर रहे थे।

2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने की तैयारी, जनता से मांगे गए सुझाव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वर्ष 2027 को “युवा वर्ष” के रूप में मनाया जाएगा। इसके लिए प्रदेशभर के लोगों से सुझाव आमंत्रित किए जा रहे हैं ताकि युवा वर्ष के दौरान होने वाली गतिविधियों और नवाचारों को अंतिम कार्ययोजना में शामिल किया जा सके। उन्होंने वर्तमान किसान कल्याण वर्ष 2026 के दौरान किसानों के हित में नए नवाचार और योजनाएं तैयार करने के लिए भी मंत्रियों से सुझाव देने का आग्रह किया।

राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार पर विभाग को दी बधाई

मुख्यमंत्री ने नगरीय आवास एवं विकास विभाग को राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार 2026 में साइबर सुरक्षा श्रेणी का रजत पुरस्कार मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि ई-नगर पालिका प्लेटफॉर्म और आधुनिक तकनीक के उपयोग से नगरीय प्रशासन की कार्यप्रणाली अधिक सरल और पारदर्शी बनी है। उन्होंने इसे डिजिटल सुशासन, पारदर्शी प्रशासन और नागरिकों को बेहतर सेवाएं देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 12 जुलाई को इंदौर में 21 लाख पौधरोपण और 51 हजार वर्षा जल संचयन इकाइयों की स्थापना अभियान का शुभारंभ किया गया। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और जल, जंगल तथा पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान पूरे देश के लिए मिसाल बन रहा है। इंदौर में यह अभियान लगातार तीसरे वर्ष आयोजित हुआ है और हर साल इसमें समाज की भागीदारी बढ़ रही है।

पीथमपुर बना प्रदेश का औद्योगिक विकास केंद्र

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पीथमपुर में दो बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं की शुरुआत हुई है। किसान इरिगेशन की चौथी विनिर्माण इकाई और लिउगोंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के नए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उद्घाटन किया गया है। उन्होंने बताया कि किसान इरिगेशन आधुनिक पाइप, ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली के क्षेत्र में कार्यरत है, जबकि लिउगोंग इंडिया भारी अर्थ मूवर्स के निर्माण से जुड़ी प्रमुख कंपनी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीथमपुर अब मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के मैन्युफैक्चरिंग गेटवे के रूप में तेजी से उभर रहा है और प्रदेश में निवेशकों का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है।

डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को मिलेगा प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने बताया कि 11 जुलाई को इंदौर में ‘माय यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव’ का आयोजन किया गया, जिसमें इंदौर, उज्जैन, धार सहित मालवा-निमाड़ क्षेत्र के विभिन्न जिलों से 200 से अधिक डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और इंफ्ल्यूएंसर्स ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के डिजिटल क्रिएटर्स को प्रोत्साहित करने के लिए ‘डिजिटल कंटेंट अवॉर्ड’ शुरू करने का भी निर्णय लिया गया है।

टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव से निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि 13 जुलाई को भोपाल में एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 का शुभारंभ हुआ। यह आयोजन सूचना प्रौद्योगिकी और डेटा सेक्टर से जुड़े उद्यमियों तथा सरकार के बीच संवाद का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने बताया कि कॉन्क्लेव के माध्यम से लगभग 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश का मार्ग प्रशस्त हुआ है, जिससे 34 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। कार्यक्रम के दौरान 20 नई औद्योगिक और प्रौद्योगिकी आधारित इकाइयों का लोकार्पण किया गया, जबकि 8 कंपनियों को भूमि आवंटन के आशय पत्र भी सौंपे गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीसीसी, डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में देश-विदेश की 10 प्रतिष्ठित संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई और मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर निर्माण के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम और क्रांति गौड़ की उपलब्धि पर दी बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर इंग्लैंड को टेस्ट मैच में 270 रन से हराने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि 142 वर्षों के इतिहास में लॉर्ड्स पर यह पहला महिला टेस्ट मैच था और भारतीय टीम ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर देश का गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से मध्यप्रदेश की खिलाड़ी सुश्री क्रांति गौड़ की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पहली पारी में 5 विकेट और पूरे मैच में 7 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई तथा उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Related Articles

Back to top button