अन्तर्राष्ट्रीय

कराची के पास रहस्यमय ढंग से लापता हुआ कार्गो विमान! तकनीकी खराबी की सूचना के बाद टूटा संपर्क, समुद्र में बड़े स्तर पर तलाश जारी

लाहौर: पाकिस्तान के कराची के निकट मंगलवार रात एक कार्गो विमान रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। अधिकारियों के अनुसार, संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह से कराची आ रहा के2 एयरवेज का बोइंग 737 मालवाहक विमान उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या का शिकार हो गया। तकनीकी खराबी की सूचना देने के कुछ ही मिनट बाद विमान से संपर्क पूरी तरह टूट गया, जिसके बाद बड़े स्तर पर खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।

उड़ान के दौरान नेविगेशन सिस्टम में आई खराबी

पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार रात 9:18 बजे विमान के पायलट ने कराची एरिया कंट्रोल सेंटर को नेविगेशन सिस्टम में खराबी की जानकारी दी थी। इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने विमान को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, लेकिन कुछ ही देर में रडार पर विमान की ऊंचाई तेजी से कम होती दिखाई दी। इसी दौरान विमान ने अचानक अपना मार्ग भी बदल लिया और फिर उससे हर तरह का संपर्क समाप्त हो गया।

कराची से 155 समुद्री मील दूर टूटा संपर्क

अधिकारियों के अनुसार, विमान का अंतिम संपर्क कराची से लगभग 155 समुद्री मील पश्चिम में दर्ज किया गया था। इसके बाद विमान न तो रडार पर दिखाई दिया और न ही रेडियो संचार के माध्यम से उससे दोबारा संपर्क स्थापित किया जा सका।

समुद्र में बड़े पैमाने पर चल रहा सर्च ऑपरेशन

घटना की जानकारी मिलते ही पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ने रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर को सक्रिय कर दिया। इसके बाद पाकिस्तान नौसेना और अन्य संबंधित एजेंसियों की मदद से समुद्र में व्यापक खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। लापता विमान और उसमें सवार चालक दल की तलाश लगातार जारी है।

विमान में मौजूद थे पांच क्रू सदस्य

पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ने पुष्टि की है कि कार्गो विमान में कुल पांच चालक दल के सदस्य सवार थे। हालांकि, अब तक उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। अधिकारियों ने अभी तक किसी भी सदस्य के सुरक्षित होने या विमान का मलबा मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

तकनीकी खराबी की आशंका, जांच जारी

फिलहाल विमान के लापता होने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उड़ान के दौरान नेविगेशन सिस्टम में तकनीकी खराबी की सूचना दी गई थी। हालांकि, विमान के अचानक संपर्क से बाहर होने की असली वजह विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल संबंधित विमानन एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं, जबकि समुद्र में खोज अभियान लगातार जारी है।

Related Articles

Back to top button