उत्तराखंड

चमोली टनल हादसा: CM धामी ने रेस्क्यू में तेजी के दिए निर्देश, मृतकों के परिजनों को जल्द मिलेगी सहायता

चमोली: मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीपलकोटी में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। टीएचडीसी गेस्ट हाउस में हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव अभियान की स्थिति की जानकारी ली और टनल में फंसे शेष तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।

तीन लोगों को सुरक्षित निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि टनल में फंसे शेष तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने रेस्क्यू अभियान में उपलब्ध सभी संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अभियान से जुड़ी सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस, प्रशासन और टीएचडीसी की टीमों के बीच लगातार तालमेल बनाए रखने के निर्देश दिए।

रेस्क्यू टीमों की सुरक्षा का भी रखा जाए ध्यान

मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू अभियान के दौरान बचाव दलों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने टनल की तकनीकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के साथ जल निकासी और मलबा हटाने के काम की भी नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अभियान को तेजी के साथ आगे बढ़ाते हुए सुरक्षा मानकों का भी पूरी तरह पालन किया जाए।

मृतकों के परिजनों को जल्द मिलेगी सहायता

मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को नियमानुसार अनुमन्य मुआवजा और सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हरसंभव प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद

समीक्षा बैठक में कैबिनेट मंत्री एवं प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, सचिव आपदा विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button