उत्तराखंड

चमोली टनल हादसा: CM धामी ने अंदर जाकर लिया रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा, 3 लोगों की तलाश जारी

चमोली: मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को घटनास्थल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने मौके पर चल रहे राहत और बचाव अभियान का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने टनल के अंदर जाकर रेस्क्यू कार्यों की स्थिति देखी और अभियान में जुटी टीमों से आवश्यक जानकारी ली।

टनल के अंदर जाकर बचाव कार्यों का लिया जायजा

मुख्यमंत्री ने घटनास्थल पर पहुंचकर अधिकारियों और बचाव दलों से रेस्क्यू अभियान की प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने टनल के अंदर जाकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और उपलब्ध सभी संसाधनों के साथ तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी इस्तेमाल किया जाए।

3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस और अन्य बचाव टीमों के बीच लगातार बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने टनल में फंसे शेष 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करने को कहा।

टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के तहत बनी टीआरटी टनल की लंबाई करीब 3 किलोमीटर है। इसके लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा और पानी आने की स्थिति बनी थी।

22 में से 19 लोगों को निकाला गया, 7 मौतों की सूचना

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को घटनाक्रम और अब तक हुए रेस्क्यू अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टनल में फंसे 22 लोगों में से 19 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। शेष 3 लोगों की तलाश और उन्हें बाहर निकालने का अभियान लगातार जारी है।

घटना में अब तक 7 लोगों की दुखद मृत्यु की सूचना है। रेस्क्यू किए गए घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया है, जहां चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग की टीमें उनके उपचार और स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रही हैं।

घायलों और परिजनों की मदद के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रेस्क्यू अभियान के साथ घायलों के उपचार और प्रभावित परिवारों की सहायता में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने घटनास्थल पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और बचाव दलों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने को कहा।

मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू अभियान को पूरी गंभीरता और सावधानी के साथ संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि टनल में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

मौके पर अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद

घटनास्थल पर काबीना मंत्री एवं प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, राज्य मंत्री हरक सिंह, पूर्व काबीना मंत्री राजेंद्र भंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवानी, सभासद राजा जोशी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडेय, चंद्रशेखर वशिष्ठ सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी में जुटे रहे।

Related Articles

Back to top button