देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लोहियाहेड हेलीपैड पहुंचकर आम जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट रूप से कहा कि लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए, जिससे खेती-किसानी से जुड़े कार्य प्रभावित न हों।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट, महामंत्री रमेश जोशी, गोविंद टम्टा, डॉ. नवीन भट्ट, अमित कुमार पांडे और भवानी भंडारी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय और एएसपी डॉ. उत्तम सिंह नेगी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।




