उज्जैन में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर ‘मिर्च हमला’, महिला की हरकत से पीछे हटे अधिकारी, VIDEO वायरल

उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को उस वक्त पीछे हटना पड़ा, जब एक महिला ने छत पर चढ़कर अधिकारियों और पुलिसकर्मियों पर लाल मिर्च पाउडर फेंकना शुरू कर दिया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अधिकारी खुद को बचाते हुए मौके से हटते नजर आ रहे हैं।
मामला उज्जैन जिले के खाचरौद क्षेत्र के घिनोदा गांव का है। यहां सड़क और नाली पर अवैध कब्जे की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन की टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी। आरोप है कि गांव निवासी मांगीलाल पाटीदार ने मकान निर्माण के दौरान सड़क के हिस्से पर अतिक्रमण कर लिया था, जिससे रास्ता और नाली बाधित हो रही थी।
कार्रवाई शुरू होते ही महिला ने फेंकी लाल मिर्च
जानकारी के मुताबिक 19 मई को तहसील प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची थी। अधिकारियों ने पहले परिवार को समझाइश दी और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही। इसी दौरान मांगीलाल पाटीदार और उनकी पत्नी सजन बाई घर के अंदर चले गए।
जैसे ही प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई शुरू की, तभी सजन बाई मकान की छत पर पहुंच गईं और वहां से लाल मिर्च पाउडर फेंकना शुरू कर दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वायरल वीडियो में महिला हाथ में मिर्च से भरी थाली लेकर अधिकारियों पर पाउडर फेंकती दिखाई दे रही है, जबकि कर्मचारी और पुलिसकर्मी वहां से बचकर भागते नजर आ रहे हैं।
चार महीने पहले जारी हुए थे अतिक्रमण हटाने के आदेश
बताया जा रहा है कि इस मामले में 12 जनवरी को ही अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी कर दिए गए थे। इसके बाद करीब चार महीने बाद प्रशासन ने कार्रवाई के लिए टीम गठित की थी। 18 मई को नायब तहसीलदार के निर्देश पर आरआई, पटवारी, सचिव और पुलिस बल के साथ टीम मौके पर पहुंची थी।
प्रशासन ने कार्रवाई की तैयारी शुरू की
घटना के बाद संबंधित अधिकारियों ने महिला सजन बाई और उनके पति मांगीलाल पाटीदार के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र जारी किया है। मामले में आगे की कार्रवाई खाचरौद थाना पुलिस द्वारा की जाएगी। फिलहाल प्रशासनिक टीम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी नहीं कर पाई है।
वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा तेज
घटना का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था और सरकारी कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर लोग इस पूरे घटनाक्रम पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।



