टॉप न्यूज़राष्ट्रीय

डोकलाम पठार के पास चीनी सेना के निर्माण कार्यों ने भारत की बढ़ाई चिंता

नई दिल्ली : रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण डोकलाम पठार के पास पीएलए के संचार टावरों और सैनिकों के लिए करीब 1000 अस्थाई शेड का निर्माण करके ड्रैगन ने भारत की चिंता बढ़ा दी है। भारत-चीन-भूटान डोकलाम ट्राई-जंक्शन से बमुश्किल कुछ दूरी पर है, जहां सड़क निर्माण को लेकर 2017 में भारत और चीन के बीच तीव्र सैन्य गतिरोध हुआ था और 73 दिनों तक दोनों सेनाएं आमने-सामने डटी रही थीं। यह निर्माण भूटान में अमो चू नदी घाटी में किया गया है, जहां से भारत का सिलीगुड़ी गलियारा सीधी रेखा में है।

चीन के इन निर्माण कार्यों की तस्वीरें अब सामने आईं हैं, जिनमें अमो चू नदी घाटी में संचार टावरों के साथ-साथ पीएलए के सैनिकों के अस्थायी ठिकाने दिखाई देते हैं। यहां पीएलए के हजारों सैनिकों को रखने के लिए हाल के महीनों में लगभग 1,000 स्थायी सैन्य झोपड़ियों के साथ-साथ कई अस्थायी शेड बनाए गए हैं। दरअसल, 2017 में डोकलाम में भारतीय सेना की कड़ी जवाबी कार्रवाई का सामना करने के बाद पीएलए वैकल्पिक रास्ते से उसी रिज तक पहुंचने का प्रयास कर रही है, ताकि वह डोकलाम के पश्चिम में भारतीय सुरक्षा को बाईपास कर सके।

डोकलाम एक अलग-थलग पठार है, जहां 2017 से पहले चीन या भूटान के सुरक्षा बल मुश्किल से ही गश्त करने जाते थे लेकिन भारतीय सेना से गतिरोध होने के बाद यह इलाका रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हो गया है। चीनी सरकार ने 1960 में भूटान, सिक्किम और लद्दाख को ‘एकीकृत’ तिब्बत का हिस्सा होने का दावा किया था। इसके विपरीत भारतीय सेना का मानना है कि डोकलाम के पश्चिम में चीन-नियंत्रित भूटानी क्षेत्र में किसी भी गतिविधि से भारत के सुरक्षा हितों को खतरा होगा। भारतीय सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि डोकलाम पठार पर नियंत्रण से चीन को सामरिक लाभ मिलेगा।

सिक्किम में नाथू ला और चो ला पर्वत दर्रे पर 1967 में भारत-चीन सीमा संघर्ष के बाद चीनी सेना ने सिक्किम में डोंगक्या पर्वत श्रृंखला पर भारतीय सीमांकन को चुनौती दी थी। भारतीय सेना का ऊंचाई वाले क्षेत्रों पर नियंत्रण होने के बाद कई चीनी किलेबंदी नष्ट हो गईं, इसलिए चीनी सेना भारत के मुकाबले चुम्बी घाटी में खुद को कमजोर मानती है, क्योंकि घाटी के आसपास की ऊंचाइयों को भारतीय और भूटानी सेना नियंत्रित करती है। भूटान और सिक्किम के बीच स्थित चुम्बी घाटी से भारत का रणनीतिक सिलीगुड़ी कॉरिडोर दिखाई देता है।

भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने 08-09 अप्रैल को उत्तर बंगाल और सिक्किम के अग्रिम इलाकों का दौरा किया। इस दौरान भारतीय अधिकारियों के साथ बैठक में बड़े पैमाने पर चीनी निर्माण कार्यों का उल्लेख किया गया। सिक्किम में भारतीय सीमा तिब्बत से सटी हुई है। तिब्बत में चुम्बी घाटी सिक्किम और भूटान के बीच स्थित है। दरअसल, लंबे समय से चले आ रहे भूटान-चीन सीमा विवाद को सुलझाने के लिए द्विपक्षीय वार्ता उन्नत चरण में पहुंच गई है। भारत की चिंता है कि भूटान अपने उत्तर के क्षेत्रों को बनाए रखने के लिए डोकलाम पठार चीन को सौंप सकता है, जिसके बाद चीन वहां से उत्तर बंगाल में संवेदनशील सिलीगुड़ी कॉरिडोर पर सीधे नजर रख सकता है।

Related Articles

Back to top button