‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर पाकिस्तान कनेक्शन का दावा: BJP नेता ने शेयर किया डेटा, बोले- आधे फॉलोअर्स पाकिस्तानी

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) अब नए राजनीतिक विवाद में घिर गई है। कुछ ही दिनों में करोड़ों फॉलोअर्स जुटाने वाली इस डिजिटल मुहिम पर अब पाकिस्तान से समर्थन मिलने का दावा किया गया है। दिल्ली के एक भाजपा नेता ने सोशल मीडिया पर कथित इनसाइट डेटा साझा करते हुए आरोप लगाया है कि पार्टी के बड़ी संख्या में फॉलोअर्स पाकिस्तान से जुड़े हुए हैं।
भाजपा नेता द्वारा साझा किए गए डेटा के अनुसार, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के करीब 49 प्रतिशत फॉलोअर्स पाकिस्तान से बताए गए हैं। वहीं अमेरिका और बांग्लादेश से 14-14 प्रतिशत फॉलोअर्स होने का दावा किया गया है। साझा किए गए आंकड़ों में भारत से केवल 9 प्रतिशत फॉलोअर्स होने की बात कही गई है। इसके अलावा यूके, ऑस्ट्रेलिया, सऊदी अरब और यूएई से भी समर्थन मिलने का दावा किया गया है।
बीजेपी नेता ने बताया ‘पाकिस्तान जनता पार्टी’
भाजपा नेता ने कथित पाई-चार्ट और इनसाइट डेटा पोस्ट करते हुए ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को ‘पाकिस्तान जनता पार्टी’ तक करार दे दिया। हालांकि, साझा किए गए आंकड़ों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
इस दावे के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस और तेज हो गई है। कई यूजर्स इसे युवाओं की आवाज को दबाने की कोशिश बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के नजरिए से देख रहे हैं।
इंस्टाग्राम पर तेजी से बढ़े फॉलोअर्स
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा रहा है कि इंस्टाग्राम पर इसके पेज ने महज पांच दिनों में 1.5 करोड़ फॉलोअर्स जुटा लिए। फॉलोअर्स की संख्या के मामले में इस पेज ने भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट को भी पीछे छोड़ दिया।
हालांकि बढ़ते विवाद के बीच पार्टी का एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट ब्लॉक किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद शुरू हुई मुहिम
बताया जा रहा है कि इस डिजिटल मुहिम की शुरुआत 15 मई 2026 को सुप्रीम कोर्ट में हुई एक सुनवाई के बाद हुई थी। आरोप लगाया गया कि सुनवाई के दौरान जस्टिस सूर्यकांत ने बेरोजगार शिक्षित युवाओं की तुलना ‘कॉकरोच’ और ‘परजीवी’ से की थी।
हालांकि बाद में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी केवल फर्जी डिग्री धारकों के संदर्भ में थी, लेकिन तब तक सोशल मीडिया पर युवाओं के बीच नाराजगी फैल चुकी थी। इसी विरोध के बीच ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से ऑनलाइन अभियान शुरू हो गया।
सोशल मीडिया पर छिड़ी नई बहस
अब पाकिस्तान कनेक्शन के दावे के बाद यह मामला और ज्यादा राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर समर्थक और विरोधी लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं, जिससे यह मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।



