उत्तर प्रदेश

CM अखिलेश की रथ यात्रा को ऐसे टक्कर देगा BJP का रथ,

img_20161104034302

नई दिल्ली : UP विधानसभा चुनाव से पहले सभी दलों ने करोड़ों खर्च करके रथ यात्राएं निकालना शुरू कर दिया है। SP की ओर से CM अखिलेश यादव  ने गुरूवार को लखनऊ से उन्नाव तक रथ यात्रा निकाली।

वहीं भाजपा की यूपी में चार रथ यात्राएं प्रस्तावित है। भाजपा ने इसे परिवर्तन यात्रा का नाम दिया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केशव मौर्या ने आज पार्टी मुख्यालय पर पूजन अर्चन के बाद हरी झंडी दिखाकर सभी रथों को उन जिलों के लिए रवाना किया जहां से यात्राएं शुरू होनी हैं। उन्होंने बताया कि 50 दिन में सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों से रथ निकलेंगे। इस बीच 17000 किलोमीटर की यात्रा तय करेंगे। सभी जगह से जनसंपर्क करते हुए 24 दिसम्बर को सभी रथ लखनऊ पहुंचेंगे।
उन्होंने बताया कि पहली यात्रा 5 नवम्बर को सहारनपुर, दूसरी यात्रा 6 नवम्बर को झांसी से, 8 नवम्बर को सोनभद्र से और 9 नवम्बर को बलिया से परिवर्तन यात्रा शुरू होगी। उन्होंने बताया कि रथ यात्रा के दौरान छह स्थानों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसभाएं होंगी। चारों रथ कुल 17000 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। इन यात्राओं में हर दिन एक राष्ट्रीय नेता एक प्रादेशिक नेता और एक सांसद रथ पर मौजूद रहेंगे।
यात्रा के संयोजक महेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि सहारनपुर से चलने वाली परिवर्तन यात्रा 50 दिन में 109 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। झांसी से चलने वाली परिवर्तन यात्रा 49 दिन में 79 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। सोनभद्र से शुरू होने वाली परिवर्तन यात्रा 47 दिन में 108 विधानसभा क्षेत्रों से और बलिया से शुरू होने वाली परिवर्तन यात्रा 46 दिन में 107 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए लखनऊ पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि इन परिवर्तन यात्राओं के दौरान 36 बड़ी सभाएं होंगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र, भाजपा के यूपी प्रभारी ओम माथुर और खुद केशव मौर्या चारों परिवर्तन यात्राओं की शुरुआत में मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि 5 नवंबर को सहारनपुर से निकलने वाली परिवर्तन यात्रा की शुरुआत में राजनाथ सिंह दिल्ली में होने वाली अंतरराष्ट्रीय समिट की वजह से नहीं रहेंगे। बाकी तीनों यात्राओं में वह मौजूद रहेंगे।
 

Related Articles

Back to top button