उत्तराखंडटॉप न्यूज़राज्य

सोशल मीडिया नारद की तरह समन्वय की भूमिका में: सीएम धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा है कि आधुनिक भारत में सोशल मीडिया नारद की भूमिका में है। वह जनपक्ष और सरकार के पक्ष को समन्वय के साथ संचार माध्यमों के समक्ष रखता है। उन्होंने यह विचार शुक्रवार को राज्यस्तरीय कार्यशाला में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पूर्व में नारद स्वर्ग लोक, धरा लोक एवं पाताल लोक में समन्वय स्थापित करते थे, उसी प्रकार आज देश में भाजपा की मीडिया टीम जनपक्ष और सरकार का पक्ष समन्वय के साथ संचार माध्यमों में रखती है।

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि वह सर्वप्रथम कार्यकर्ता हैं। इसके बाद मुख्य सेवक। वह मीडिया टीम की सूचनाओं पर कार्रवाई करते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में प्रधानमंत्री मोदी ने जब कहा था कि आने वाला समय डिजिटल का होगा तो विश्वास नहीं किया जा रहा था। आज मोबाइल जीवन का दैनिक महत्वपूर्ण अंग बन गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 24 हजार भर्ती निकाली हैं, जिस पर 15 अगस्त से कार्य आरंभ हो गया है और 3 माह के अंदर इनमें से आधी भर्तियां हो जाएंगी। स्वरोजगार के लिए विभिन्न स्थानों पर कैंप लगाए जा रहे हैं। सरकार ने आयु में एक वर्ष की छूट दी है। साथ ही आवेदन फार्म को निशुल्क कर दिया है। विपक्ष घोषणाओं पर सवाल उठा रहा है पर वह विभिन्न विभागों और वित्त विभाग से आकलन करवा कर ही घोषणाएं कर रहे हैं, जो निश्चित तौर पर धरातल पर आएंगी।

धामी ने कहा कि हमने पर्यटन क्षेत्र को दो हजार करोड़ के आर्थिक पैकेज के साथ ही आजीविका योजना में पुलिस को तथा राजस्व के लोगों को भी पैकेज दिया है। आयुष्मान भारत तथा अटल आयुष्मान योजना के बनने वाले कार्यों को जिन पर पहले 30 रुपये लगता था, उसे निशुल्क कर दिया है। हमारा उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक आप लोगों के माध्यम से पहुंचकर उस तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा कर उसका जीवन स्तर बढ़ाना है।

प्रथम सत्र में मुख्य वक्ता संगठन मंत्री अजेय कुमार ने मीडिया प्रभारियों को टिप्स देते हुए विरोधियों के आरोपों का शालीनता से जवाब देने के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि अपना पक्ष रखने के लिए विषय पर पकड़ बनाएं। आने वाले विधानसभा चुनाव तक पूर्णकालिक कार्य करें। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने मीडिया कार्यशाला आयोजित करने, मीडिया कर्मियों से मधुर संबंध बनाने और संगठन और सरकार को अधिक से अधिक कवरेज दिलाने पर जोर दिया।

आखिर में सत्र अध्यक्ष प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने न्यूज से संबंधित जानकारी देते हुए आभार व्यक्त किया। सत्र में प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान सहित प्रदेश मीडिया टीम के सभी सदस्य प्रदेश के सभी जिलों से आए हुए मीडिया प्रभारी तथा महिला मोर्चा, किसान मोर्चा ,युवा मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा ,अनुसूचित जाति मोर्चा,अनुसूचित जनजाति मोर्चा के मीडिया प्रभारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button