मध्य प्रदेशराज्य

सिंहस्थ-2028 की तैयारियों का CM मोहन यादव ने लिया जमीनी जायजा, बाइक और पैदल घूमकर देखे निर्माण कार्य, खुद बनाई जलेबी

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार शाम उज्जैन पहुंचकर सिंहस्थ-2028 महापर्व की तैयारियों का जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया। उन्होंने दोपहिया वाहन और पैदल शहर का भ्रमण करते हुए विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कार्यों की स्थिति की जानकारी ली और स्थानीय नागरिकों व व्यापारियों से भी संवाद किया।

बाइक से पहुंचे, पैदल किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीआईपी गेस्ट हाउस से देवास रोड, माधवनगर, टावर चौक होते हुए फ्रीगंज तक दोपहिया वाहन से भ्रमण किया। इसके बाद उन्होंने फ्रीगंज ब्रिज के समानांतर बन रहे नए पुल का निरीक्षण किया और सेतु विभाग के अधिकारियों से निर्माण कार्य की अद्यतन प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कोयला फाटक से कंठाल चौराहे तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया।

स्थानीय लोगों और व्यापारियों से किया संवाद

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। साथ ही निर्माणाधीन परियोजनाओं को लेकर उनकी राय भी जानी। इसके बाद उन्होंने निजातपुरा पहुंचकर वहां चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का भी अवलोकन किया।

कोयला फाटक से निजातपुरा तक पैदल पहुंचे

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कोयला फाटक से निजातपुरा तक पैदल भ्रमण किया। इस दौरान क्षेत्र के लोगों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए उनसे अनौपचारिक बातचीत की और क्षेत्रीय विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

मिष्ठान्न की दुकान पर बनाई जलेबी, चाय का लिया आनंद

कंठाल चौराहे स्थित एक प्रसिद्ध मिष्ठान्न दुकान पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने दुकान संचालक से मुलाकात की। उस समय दुकान पर जलेबी बनाई जा रही थी। दुकान संचालक के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने स्वयं जलेबी बनाई और वहीं शाम की चाय का आनंद भी लिया।

निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए संकेत

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ-2028 से जुड़े कई निर्माण कार्य पूरे होने की स्थिति में हैं, जबकि कई परियोजनाएं पहले ही पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को लेकर आमजन में संतोष का माहौल है और जिन परियोजनाओं की लंबे समय से आवश्यकता थी, उन पर तेजी से काम चल रहा है। आने वाले समय में निर्माण कार्यों की रफ्तार और बढ़ाई जाएगी।

महाकाल की सवारी व्यवस्था पर भी हुई समीक्षा

भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान महाकालेश्वर की सावन-भादौ मास में निकलने वाली पारंपरिक सवारी की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा की। उन्होंने आयोजन से जुड़ी तैयारियों की भी समीक्षा की।

इस निरीक्षण के दौरान विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, संजय अग्रवाल, रवि सौलंकी, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button