उत्तराखंडराज्यस्पोर्ट्स

क्रिकेट के मैदान में भी किसी से कम नहीं हैं सीएम पुष्कर सिंह धामी, नाबाद पारी खेलते हुए अपनी टीम को दिलाई जीत

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राजनीति के साथ ही क्रिकेट के मैदान में भी किसी से कम नहीं हैं। मुख्यमंत्री धामी ने भारतीय जनता युवा मोर्चा की टीम के साथ क्रिकेट मैच खेल में अपना हुनर दिखाया। उन्होंने मैत्री मुकाबले में नाबाद पारी खेलते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई। हालांकि, इस दौरान मुख्यमंत्री को हल्की चोट भी लगी।

मंगलवार को अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी में मुख्यमंत्री एकादश और भाजयुमो एकादश के बीच मैत्री मुकाबला खेला गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कप्तानी में मुख्यमंत्री एकादश की टीम ने सात ओवर के मैच में दो विकेट खोकर 49 रन बनाए। मुख्यमंत्री धामी ने नाबाद 14 रनों की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भाजयुमो की टीम राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के नेतृत्व में निर्धारित सात ओवर में एक विकेट खोकर 45 रन ही बना सकी।

मुख्यमंत्री एकादश ने यह मुकाबला चार रनों से जीत लिया। मैच के अंत में मुख्यमंत्री और भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश के मेधावी खिलाडिय़ों को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रिकेट मैच खेलकर उन्हें अपने स्कूल-कालेज के दिन याद आ गए। पहले क्रिकेट के प्रति उनकी दीवानगी इस कदर थी कि वे दोस्तों के साथ विभिन्न शहरों में जाकर क्रिकेट खेलते थे। बाद में राजनीति में सक्रियता बढऩे के कारण उन्हें खेलने का समय नहीं मिला। मुख्यमंत्री एकादश में काबीना मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक खजान दास, विधायक सहदेव पुंडीर, विधायक देशराज कर्णवाल आदि शामिल थे।

भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने उत्तराखंड प्रवास के दूसरे दिन सुबह दून में टपकेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन किए। यहां जलाभिषेक कर उन्होंने महादेव का आशीर्वाद लिया। इसके बाद अन्य कार्यक्रमों में शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button