मनोरंजन

CM विजय के साथ फिर एक ही मंच पर दिखीं त्रिशा कृष्णन! शादी रिसेप्शन की तस्वीरें वायरल, दोनों की मौजूदगी ने खींचा ध्यान

चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय और साउथ सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री त्रिशा कृष्णन एक बार फिर सार्वजनिक कार्यक्रम में साथ नजर आए हैं। गुरुवार, 5 नवंबर को चेन्नई में आयोजित एक हाई-प्रोफाइल शादी रिसेप्शन में दोनों की मौजूदगी ने सबका ध्यान खींच लिया। समारोह के कई वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें विजय और त्रिशा नवविवाहित जोड़े के साथ तस्वीरें खिंचवाते दिखाई दे रहे हैं।

शादी रिसेप्शन में एक साथ पहुंचे विजय और त्रिशा

दरअसल, यह समारोह राजनेता वाईएस अनिल रेड्डी की बेटी की शादी के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। चेन्नई के मशहूर द लीला पैलेस में हुए इस रिसेप्शन में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय और अभिनेत्री त्रिशा कृष्णन शामिल हुए। दोनों मंच पर पहुंचे और नवविवाहित जोड़े श्रेया और उज्ज्वल को शादी की बधाई दी।

इस दौरान विजय सफेद शर्ट के साथ भूरे रंग के सूट में नजर आए, जबकि त्रिशा हल्के गुलाबी रंग की खूबसूरत साड़ी पहने दिखाई दीं। विजय की मां शोभा चंद्रशेखर भी इस समारोह में उनके साथ मौजूद थीं।

जगन मोहन रेड्डी से भी मिले मुख्यमंत्री विजय

इस हाई-प्रोफाइल समारोह में आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी भी अपनी पत्नी वाईएस भारती के साथ पहुंचे थे। सामने आए एक वीडियो में विजय और जगन मोहन रेड्डी को आपस में बातचीत करते और तस्वीरें खिंचवाते देखा जा सकता है। जगन ने अपनी पत्नी के साथ नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया और उनके सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की। जगन की मां वाईएस विजयम्मा भी समारोह में मौजूद रहीं।

कई बड़ी राजनीतिक और कारोबारी हस्तियों ने की शिरकत

इस शादी रिसेप्शन में देश की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं। उद्योगपति गौतम अडानी और भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव भी अपनी पत्नी शलिमा के साथ समारोह में पहुंचे। इनके अलावा राजनीति, कारोबार और फिल्म जगत से जुड़ी कई हस्तियों ने भी नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं।

पहले भी कई मौकों पर साथ दिख चुके हैं विजय और त्रिशा

विजय और त्रिशा कृष्णन की जोड़ी ‘लियो’ समेत कई फिल्मों में साथ नजर आ चुकी है। दोनों जब भी किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में एक साथ दिखाई देते हैं, तो सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें चर्चा का विषय बन जाती हैं।

इससे पहले मार्च में चेन्नई में फिल्म निर्माता और उद्यमी कलपति एस. सुरेश तथा मीनाक्षी सुरेश के बेटे के शादी रिसेप्शन में भी दोनों साथ नजर आए थे। यह मुलाकात उस समय चर्चा में आई थी, जब विजय की पत्नी संगीता ने तलाक के लिए याचिका दाखिल की थी। हालांकि, बाद में उन्होंने अपना केस वापस ले लिया था।

शपथ ग्रहण समारोह से लेकर विदेश तक साथ दिखीं त्रिशा

मई में विजय के तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के समारोह में भी त्रिशा कृष्णन उनके परिवार के साथ पहुंची थीं। इसके बाद सितंबर में दोनों को ब्रिटेन के सिल्वरस्टोन सर्किट में भी देखा गया था। वहां अभिनेता अजित कुमार ने मिशेलिन ले मैन्स कप में हिस्सा लिया था। अब एक बार फिर शादी रिसेप्शन में दोनों की साथ मौजूदगी ने सोशल मीडिया पर चर्चाओं को तेज कर दिया है।

Related Articles

Back to top button