
रायपुर: महानदी के बढ़ते जलस्तर और जांजगीर-चांपा जिले के तटीय इलाकों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने शिवरीनारायण पहुंचकर बैराज, पुल और महानदी के तटीय क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नदी के जलस्तर, बहाव, सुरक्षा और राहत-बचाव की तैयारियों का जायजा लेकर संबंधित विभागों को लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
शिवरीनारायण पुल पर आवाजाही पूरी तरह बंद
महानदी के पुल पर पानी का बहाव बढ़ने के बाद सुरक्षा की दृष्टि से पुल पर आवागमन रोक दिया गया है। प्रशासन ने पुल और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। लोगों को तेज बहाव वाले पानी के पास नहीं जाने की हिदायत दी गई है। नदी के जलस्तर को देखते हुए अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।
राहत शिविर में प्रभावित लोगों के लिए जरूरी इंतजाम
कलेक्टर और एसपी ने शिवरीनारायण बैराज, पुल, तटीय इलाकों के साथ महंत लालदास महाविद्यालय में बनाए गए राहत शिविर का भी निरीक्षण किया। शिविर में प्रभावित लोगों के ठहरने के साथ भोजन, स्वच्छ पेयजल, रोशनी, स्वच्छता और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अधिकारियों ने प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य टीमें तैनात, बीमारियों से बचाव पर जोर
जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हैं। लोगों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जा रही है और जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। जलभराव के कारण होने वाली संभावित बीमारियों और संक्रमण से बचाव के लिए स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी जरूरी उपाय किए जा रहे हैं।
राहत-बचाव के लिए विभागों में समन्वय
कलेक्टर-एसपी ने राजस्व, पुलिस, नगर सेना, जल संसाधन और स्वास्थ्य विभाग समेत सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं। तटीय और जलभराव की आशंका वाले इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए मानव संसाधन और अन्य जरूरी संसाधन तैयार रखे गए हैं।
तटीय इलाकों में मुनादी, लोगों से सतर्क रहने की अपील
संवेदनशील और प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को संभावित जलभराव और सुरक्षा संबंधी सावधानियों की जानकारी दी जा रही है। प्रशासन नदी के जलस्तर, पुल-पुलियों और आवागमन वाले रास्तों पर लगातार नजर रख रहा है, ताकि स्थिति बदलने पर तत्काल कदम उठाए जा सकें।
कलेक्टर और एसपी ने लोगों से नदी, पुल, घाट और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है। लोगों से तेज बहाव के पास सेल्फी या वीडियो बनाने का जोखिम नहीं उठाने और प्रशासन द्वारा बंद किए गए मार्गों या स्थानों पर जाने का प्रयास नहीं करने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की गई है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका शिवरीनारायण के अध्यक्ष राहुल थवाईत, एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान, एसडीएम शिवरीनारायण भावना साहू, कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन के मुताबिक महानदी के तटीय क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और राहत, सुरक्षा तथा बचाव से जुड़े सभी विभाग समन्वय के साथ काम कर रहे हैं।



