उत्तर प्रदेशफीचर्डब्रेकिंगराजनीतिराज्यलखनऊ

फेसबुक पर बीजेपी के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, प्रियंका ने 50 हजार कार्यकर्ताओं को लगाया

14 दिन के लिए जेल भेजे गए यूपी कांग्रेस अध्यक्ष लल्लू, मुलाक़ात पर भी लगी रोक

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 1000 बसों को लेकर छिड़ी सियासत में कांग्रेस अब डिजिटल वार का हथियार लेकर सामने आयी है। आने वाले वक्त में बीजेपी और कांग्रेस के बीच अब यह जंग सोशल मीडिया पर बड़ा रूप ले सकती है।

श्रमिकों के लिए बस पर छिड़ी सियासत के बीच प्रियंका गांधी की एक नयी चिट्ठी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के नाम सामने आई है। अपनी इस चिट्ठी में उन्होंने योगी सरकार पर बसों को लेकर तंज कसते हुए कांग्रेस के 50 हजार कार्यकर्ताओं से गुरूवार दोपहर 1 बजे फेसबुक लाइव के जरिये आवाज उठाने की अपील की है। कांग्रेस महासचिव की तरफ से जारी संदेश में कहा गया है कि दोपहर एक बजे 50 हजार कार्यकर्ता फेसबुक लाइव के माध्यम से श्रमिकों की आवाज उठाएंगे और राज्य दमन का विरोध करेंगे।

दूसरी तरफ बसों की सूची में फ़र्ज़ीवाड़े के आरोप में गिरफ्तार किए गए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को गुरुवार को ज़िला जेल भेज दिया गया। इससे पहले मंगलवार रात आगरा में गिरफ्तार किए गए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को बुधवार अदालत से ज़मानत मिल गयी थी पर उन्हें लखनऊ पुलिस ने फिर से गिरफ्तार कर लिया। लल्लू को गिरफ्तार कर लखनऊ में अदालत में पेश किया गया जहाँ से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में गुरुवार को जेल भेजा गया। ज़िला जेल में लल्लू को क्वॉरंटीन बैरक में रखा गया है और अगले 14 दिन तक उनसे मुलाक़ात पर पाबंदी लगा दी गयी है।

राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कार्यकर्ताओं के नाम संदेश देकर छेड़ी फेसबुक पर जंग

गौरतलब है कि 21 मई यानी गुरूवार राजीव गांधी की पुण्‍यतिथि है। प्रियंका ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री और अपने स्वर्गीय पिता राजीव गांधी की 30वीं पुण्यतिथि पर एक चिट्ठी के जरिये कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संदेश दिया है कि गरीबों और कमजोर लोगों के लिए आवाज़ उठानी है।

उन्होंने चिट्ठी में लिखा है कि राजीव जी हिंदुस्तान और इसके वासियों से बेइंतहा प्यार करते थे। गरीबों का दर्द उनसे देखा नहीं जाता था। हम सब उनकी सोच के वारिस हैं। हमने राजीव जी से सीखा है कमजोरों की मदद करना। हमें कोई नहीं डरा सकता। हम फेसबुक लाइव के माध्यम से श्रमिकों की आवाज उठाएंगे और राज्य दमन का विरोध करेंगे। ये राजीव जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष को जेल भेजने पर जताया एतराज, कहा, कार्यकर्ता आवाज उठायें

प्रियंका गांधी ने संदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि साथियों आपने देखा योगी सरकार का कोरोना महामारी से लड़ने का तरीका! कांग्रेस पार्टी ने प्रवासी श्रमिकों के लिए बसों का इंतजाम किया तो योगी सरकार ने यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष को फर्जी मुकदमे लगाकर जेल भेज दिया।

कोरोना आपदा काल में पूरा देश एकजुट होकर महामारी से लड़ रहा है। मगर यूपी सरकार श्रमिकों के लिए बस, ट्रेन टिकट, खाने और राशन का इंतजाम करने वालों को जेल में डाल रही है। संदेश में प्रियंका ने लिखा कि पूरी कांग्रेस पार्टी, सभी अग्रिम संगठन व विभाग और सेल आदि से हमारा एक-एक कार्यकर्ता पूरी ताकत से श्रमिकों की आवाज उठाएगा। उन्होंने कहा कि हम सबको मिलकर इसे सफल बनाना है।

आज का फेसबुक लाइव जनान्दोलन है: आराधना मिश्रा ‘मोना’

प्रियंका गांधी के सन्देश पर बात करते हुए कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि जिस तरह से प्रियंका गांधी ने सेवाभाव से 1000 बसें देने का प्रस्ताव रखा और मुख्यमंत्री ने उसको स्वीकार किया, पर हमारी बसें सीमा पर खड़ी रही। 36 घंटे से ज्यादा समय तक बार्डर पर खड़ी बसों पर राजनीति होती रही और उन बसों को उप्र. की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया गया।

कांग्रेस गरीब, मजदूर, श्रमिक भाई, बहनों की लड़ाई लड़ती रही है। आज का फेसबुक लाइव जनान्दोलन है। हम लोकतांत्रिक तरीके से आन्दोलन चलायेंगे, हमें जनता पर विश्वास है, हम जनता के बीच जायेंगे, जनता यह निर्णय लेगी कि सही कौन है और गलत कौन है। कांग्रेस गरीब जनता के साथ खड़ी है और खड़ी रहेगी।

भाजपा की राजनीति ने मानवता को कुचल दिया : यूपी कांग्रेस

इधर, यूपी कांग्रेस द्वारा जारी प्रेसनोट में बताया गया कि पैदल चलते श्रमिकों, पैदल चलती गर्भवती स्त्रियों की पीड़ा को देखते हुए श्रमिकों को घर पहुंचाने के लिए कांग्रेस ने 1000 बसों की व्यवस्था की। इन बसों से लगभग 92000 श्रमिक 3 दिन में अपने घर पहुंच जाते। बसें वापस लौट गईं। श्रमिक पैदल चलते रहे। भाजपा की राजनीति ने मानवता को कुचल दिया।

प्रेसनोट में कहा गया है कि न केवल इन बसों को रोका गया बल्कि हमारे प्रदेश अध्यक्ष को फर्जी मुकदमे लगाकर गिरफ्तार कर लिया गया। पार्टी ने दावा किया है कि कांग्रेस ने 67 लाख लोगों तक मदद पहुंचाई है। बाहर फंसे लोगों की मदद का काम भी किया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आह्वाहन पर श्रमिकों के घर वापस आने का किराया भरने का काम भी कांग्रेस ने किया है। भाजपा सरकार द्वारा श्रमिकों के लिए सहायता रोके जाने से हम पीछे नहीं हटने वाले। मुकदमे लगाने से हम डरने नहीं वाले। हम दुगुनी लगन से लोगों की सेवा में जुटेंगे।

Related Articles

Back to top button