देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज तथा श्री बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान विशेष रूप से चारधाम यात्रा की तैयारियों, धार्मिक स्थलों पर व्यवस्थाओं और तीर्थयात्रियों की सुविधाओं को लेकर बातचीत हुई। इसके साथ ही बदरी-केदार मंदिर समिति से जुड़े कार्यों और मंदिर प्रबंधन व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मुख्यमंत्री को वर्तमान व्यवस्थाओं और तैयारियों की जानकारी दी। वहीं मुख्यमंत्री धामी ने यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि चारधाम यात्रा व्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाई जाए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
यह मुलाकात चारधाम यात्रा से पहले अहम मानी जा रही है, जिसमें धार्मिक व्यवस्थाओं को और मजबूत करने की दिशा में चर्चा हुई।




