स्पोर्ट्स

क्रिकेट के दीवाने हैं नए ट्विटर CEO:2011 वर्ल्ड कप जीत के बाद सड़क पर तिरंगा लेकर उतरे थे पराग अग्रवाल, जीत का जश्न मनाया था

ट्विटर के नए CEO पराग अग्रवाल क्रिकेट के बड़े फैन हैं। सोशल मीडिया पर वायरल उनकी पुरानी पोस्ट से इसका पता चलता है। 2011 में जब टीम इंडिया ने वनडे वर्ल्ड कप जीता था, तब पराग जीत का जश्न मनाने सड़क पर उतर आए थे। वायरल हो रहे फोटोज में पराग दोस्तों के साथ नजर आ रहे हैं। उनके हाथ में तिरंगा है।

1983 के बाद टीम इंडिया महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में साल 2011 में दूसरी बार वर्ल्ड चैंपियन बनी थी। फाइनल मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को हराया था। टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को उनकी शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया था। जब भारत ने वर्ल्ड कप अपने नाम किया तो पूरा देश जश्न में डूब गया था। लोग सड़कों पर उतर आए थे। हर तरफ जश्न का माहौल था।

2011 में ट्विटर से जुड़े थे अग्रवाल
मुंबई में जन्मे पराग अग्रवाल ने IIT बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग की है। 2005 में वह अमेरिका चले गए और कंप्यूटर साइंस में डॉक्टरेट करने के लिए स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में एडमिशन लिया। वहां, वह डेटाबेस पर केंद्रित एक रिसर्च ग्रुप में शामिल हो गए।

2011 में अपनी पीएचडी पूरी करने से पहले उन्होंने ट्विटर जॉइन कर लिया और इंजीनियरिंग टीम के प्रमुख मेंबर बन गए। 2017 में ट्विटर ने अग्रवाल को प्रमोट कर चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर बना दिया। अब वो ट्विटर के CEO बन गए हैं। कंपनी की फाइलिंग के अनुसार अग्रवाल को 1 मिलियन डॉलर (करीब 7 करोड़ 50 लाख) की एनुअल सैलरी और बोनस मिलेगा।

Related Articles

Back to top button