कांगड़ा में दो जगह मिले शव, मचा हड़कंप! खड्ड किनारे लटका मिला विनोद का शव, ट्रक में मृत मिला 45 वर्षीय सुखविंदर

कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर दो शव मिलने से सनसनी फैल गई। इंदौरा थाना क्षेत्र के बडूखर दियोठी में खड्ड के किनारे एक व्यक्ति का शव मिला, जबकि कांगड़ा के एक पार्किंग क्षेत्र में खड़े ट्रक के अंदर भी एक व्यक्ति मृत अवस्था में पाया गया।
खड्ड किनारे मिला व्यक्ति का शव
बडूखर से करीब 500 मीटर दूर खड्ड के किनारे सुबह एक व्यक्ति ने टहनी के साथ जमीन पर एक शव लटका हुआ देखा। उसने तुरंत स्थानीय पंचायत प्रधान को इसकी सूचना दी। शव मिलने की जानकारी फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटने लगी और मामले को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं सामने आने लगीं।
स्थानीय पंचायत प्रधान राघव पठानिया ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद करीब 10 बजे पुलिस थाना इंदौरा की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
20 साल से बडूखर में रह रहा था विनोद
मृतक की पहचान विनोद कुमार पुत्र चमन लाल के रूप में हुई है। वह मुकेरियां का रहने वाला बताया जा रहा है और पिछले करीब 20 वर्षों से बडूखर में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था। खबर लिखे जाने तक मृतक के परिवार के सदस्य भी घटनास्थल पर पहुंच चुके थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर भेज दिया है।
पहले से बीमार था 45 वर्षीय सुखविंदर
दूसरे मामले में कांगड़ा के एक पार्किंग क्षेत्र में खड़े ट्रक के अंदर एक व्यक्ति का शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल के साथ शव की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद मृतक के परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज किए।
पुलिस को दिए बयानों के अनुसार, मृतक की पहचान सुखविंदर सिंह (45) निवासी होशियारपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि वह पहले से बीमार था और गुरुवार रात ट्रक में ही सो गया था। शुक्रवार सुबह फोन पर हुई बातचीत के दौरान उसने अपनी तबीयत खराब होने की बात बताई थी।
बीमारी से मौत होने की जताई गई आशंका
प्रथम दृष्टया सुखविंदर सिंह की मौत बीमारी के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। मामले में धारा 194 भारतीय सुरक्षा संहिता के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।



