ज्ञान भंडार

दीपावली पर इस तरह करें घर की सजावट, बरस जाएगी महालक्ष्मी की कृपा

उज्‍जैन : इस वर्ष प्रकाश का पर्व दीपावली का त्योहार (Diwali 2023) 12 नवंबर यानी रविवार के दिन पूरे देश भर में धूमधाम से मनाया जाएगा। दिवाली का त्योहार यानी रोशनी का त्योहार, खुशियों का त्योहार। यही कारण है कि लंबे समय से दीपावली का इंतजार हर किसी को बेसब्री से होता है।

पंचांग के अनुसार इस साल दिवाली 12 नवंबर, रविवार को पड़ेगी। ऐसा माना जाता है कि इस दिन भगवान राम 14 वर्ष के वनवास के बाद देवी सीता और लक्ष्मण जी के साथ अयोध्या लौटे थे। साथ ही इसी दिन समुद्र मंथन के दौरान देवी लक्ष्मी का जन्म हुआ था। इसलिए इस दिन धन की देवी मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा करने की परंपरा है। जिस घर में गंदगी होती है, वहां देवी लक्ष्मी कभी निवास नहीं करती हैं। वास्तु को ध्यान में रखकर घर को सजाने से मां लक्ष्मी का आगमन होता है।

दिवाली से पहले घर की उन सभी पुरानी और बेकार चीजों को हटा दें, जिनका अब कोई उपयोग नहीं रह गया है। पुरानी वस्तुएं, अखबारों के ढेर, टूटे हुए शीशे, फटे कपड़े, घिसे-पिटे जूते-चप्पल- इन सभी चीजों को दिवाली से पहले हटा देना चाहिए। घर में पुरानी चीजें नकारात्मक ऊर्जा का संचार बढ़ाती हैं, जिससे घर में खुशियां नहीं आती हैं। इससे मां लक्ष्मी भी घर में प्रवेश नहीं करती हैं।

दिवाली की सफाई के दौरान घर के मुख्य द्वार को अच्छी तरह साफ करें। दरवाजे से आने वाली किसी भी तरह की आवाज को अच्छा शगुन नहीं माना जाता है। इसके बाद मुख्य द्वार पर चांदी का स्वस्तिक और लक्ष्मी जी के चरण वाले चिह्न लगाएं। इसके अलावा आप दरवाजे को अच्छे से सजाने के लिए आम के पत्ते भी लगा सकते हैं। इस तरह मां लक्ष्मी बेहद प्रसन्न होंगी।

घर के उत्तर-पूर्व कोने यानी ईशान कोण को अच्छे से साफ करें। घर की पूर्व और उत्तर दिशाएं जहां मिलती हैं, उसे घर का ईशान कोण कहा जाता है। घर का यह स्थान भगवान का स्थान माना जाता है इसलिए यह बहुत जरूरी है कि घर का यह खास स्थान साफ ​​सुथरा हो। इस स्थान पर अनावश्यक वस्तुएं न रखें। ऐसा करने से मां लक्ष्मी की कृपा आप पर बनी रहेगी।

हिन्दू धर्म में स्वास्तिक चिन्ह को बहुत शुभ माना जाता है। इसलिए दिवाली के दिन मुख्य द्वार पर स्वास्तिक चिन्ह बनाने से भक्तों पर माता लक्ष्मी की विशेष कृपा बरसती है। साथ ही सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है।

दिवाली पर्व पर सजावट बहुत महत्व रखता है। इसलिए घर को सजाते समय इस बात का ध्यान रखें कि आप नकली फूलों की जगह असली फूलों का इस्तेमाल करें। ऐसा करने से सकारात्मक उर्जा का संचार होता है। साथ ही वास्तु में भी इसे बहुत शुभ बताया जाता है।

दिवाली के दिन माता रानी के स्वागत के लिए मुख्य द्वार पर माता रानी का पदचिन्ह जरूर लगाएं। इससे घर की सभी परेशानियां दूर हो जाती हैं और भक्तों पर माता रानी की कृपा सदैव बनी रहती है।

दीपावली के दिन संध्या पूजा का विशेष महत्व है। ऐसे में इस दिन चांदी का चौकोर सिक्का ले कर आएं और पूजा के समय उसे भगवान के चरणों में रख दें। अगली सुबह उस सिक्के को अपने पर्स या तिजोरी में रख दें। मान्यता है कि ऐसा करने से आर्थिक समस्याएं दूर हो जाती हैं।

दीपावली के दिन माता रानी के स्वागत के लिए घर के मुख्य द्वार पर तोरण जरूर लगाएं। ऐसा करने से के लिए आप आम या केले के पत्तों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस तोरण में आप फूलों का भी इस्तेमाल करें। माना जाता है कि इससे सकारात्मक उर्जा का संचार होता है और व्यक्ति के जीवन में कई बदलाव आते हैं।

Related Articles

Back to top button