राज्यराष्ट्रीय

दिल्ली-NCR-राजस्थान में गर्मी और लू का दौर लौटा, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहा चक्रवाती तूफान

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार, राजस्थान समेत कई राज्यों में गर्मी और लू का दौर भी से शुरू हो रहा है। बीते दिनों अलग-अलग इलाकों में हुई छिटपुट बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली थी, लेकिन मौसम का मिजाज फिर बदल रहा है। देश के कुछ हिस्सों में जहां तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं, वहीं कुछ इलाकों में रविवार को भी मौसम शुष्क रह सकता है। आंध्र प्रदेश और ओडिशा के सुमद्री तटों की ओर चक्रवाती तूफान भी तेज से बढ़ रहा है।

आईएमडी ने कहा कि सोमवार के दिल्ली में लू का नया दौर शुरू होगा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम कार्यालय ने रविवार को मुख्य रूप से आसमान साफ ​​रहने का अनुमान जताया है जबकि न्यूनतम तापमान 24 व अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। विभाग ने कहा कि दिल्ली को लेकर मौसम कार्यालय ने नौ मई से शुरू होने वाले लू के दौर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान में गर्मी के फिर जोर पकड़ने की चेतावनी
मौसम विभाग ने रविवार से राजस्थान के कई इलाकों में फिर से गर्मी के जोर पकड़ने का अनुमान व्यक्त करते हुए लू चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, आठ मई से जोधपुर, बीकानेर, जयपुर एवं भरतपुर संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने और लू चलने की संभावना है। इसी तरह, आने वाले दो तीन दिन के दौरान बीकानेर एवं जोधपुर संभाग के जिलों में अपेक्षाकृत धूल भरी हवाएं और आंधी चलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। वहीं, मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र रविवार तक चक्रवात में बदल सकता है। इस चक्रवात को असानी नाम दिया गया है। यह पूर्वी तट की ओर बढ़ सकता है।

भविष्यवाणियां स्पष्ट नहीं
मौसम विभाग में चक्रवात निगरानी के प्रभारी आनंद कुमार दास ने कहा, “चक्रवात की सटीक भविष्यवाणी करना अभी जल्दबाजी है, क्योंकि मौसम में लगातार बदलाव हो रहे हैं। भविष्यवाणी के लिए जिन मॉडल का उपयोग किया गया है, उनके नतीजों में अंतर है। पुर्वानुमान भी बार-बार बदल रहे हैं। इसलिए हम तुरंत यह नहीं बता सकते कि चक्रवात कहां दस्तक देगा। जल्द ही हम इसको लेकर स्पष्ट हो जाएंगे।”

क्या होगा असर
भारी बारिश: अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में रविवार और तटीय ओडिशा में सोमवार से भारी बारिश होने की संभावना है।

तेज हवाएं: बंगाल की खाड़ी के ऊपर सोमवार से 65-85 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। मंगलवार से इन हवाओं की रफ्तार 80-100 किमी प्रति घंटा पहुंच सकती है।

समुद्र की स्थिति: छह से नौ मीटर ऊंची लहरें उठने की आशंका है। लहरों की ऊंचाई बढ़ भी सकती है।

मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में मछली पकड़ने और पर्यटन गतिविधियों को पूरी तरह बंद करने की सलाह दी है। राज्यों को कहा गया है कि समुद्र से जुड़ी सभी गतिविधियों को रोक दिया जाए। मछुआरों को खासतौर पर 10 मई तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह जारी की गई है।

क्या है संभावना
मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा, “रविवार शाम तक बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान बन जाएगा। इसके बाद 10 मई को इसके आंध्र प्रदेश के उत्तर-पश्चिम और ओडिशा के तटों की ओर बढ़ने की संभावना है। 10 और 11 मई को विशाखापट्नम और भुवनेश्वर के बीच के इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

Related Articles

Back to top button