दिल्लीराज्यराष्ट्रीय

दिल्लीवालों को कड़ाके की ठंड से मिली थोड़ी राहत, धूप निकली तो आठ डिग्री बढ़ा तापमान, चार दिन चलेंगी तेज हवाएं

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में धूप खिलने के साथ ही तापमान में तेजी से इजाफा दर्ज किया जा रहा है। बीते चार दिनों में ही दिन के अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक का इजाफा दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार-पांच दिनों के बीच सुबह के समय हल्की धुंध और दिन में आसमान साफ रहेगा। दिल्ली के लोग इस बार जनवरी महीने में भीषण ठंड का सामना कर रहे थे। खासतौर पर आसमान पर छाए निचली सतह के बादलों और कोहरे के चलते धूप सतह तक नहीं पहुंच पा रही थी। इससे दिन भर लोगों को बर्फीली हवाओं और गलन के चलते ठिठुरना पड़ रहा था। लेकिन, बीते दो दिनों से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।

गुरुवार को दिन ज्यादातर समय धूप निकली रही थी। शुक्रवार के दिन भी दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिली। लेकिन, दिन चढ़ने के साथ ही धुंध साफ हो गई और धूप निकल आई। दिनभर भी दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में चटख धूप निकली रही। इसके चलते तापमान में तेजी से इजाफा दर्ज किया गया है। केंद्र में दिन का अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से दो डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से तीन डिग्री कम है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार-पांच दिनों के बीच सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिलेगी। जबकि, दिन के समय आसमान साफ रहेगा। आसमान साफ होने के चलते जहां अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। वहीं, न्यूनतम तापमान में कमी देखने को मिलेगी। अगले दो-तीन दिनों मे अधिकतम तापमान के 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं।

चार दिन चलेंगी तेज गति वाली हवाएं
राजधानी दिल्ली में अगले चार दिनों के बीच तेज गति वाली हवाएं चलेंगी। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक की हो सकती है। इसके चलते खासतौर पर दिल्ली के लोगों को प्रदूषण से राहत मिलेगी। जबकि, हवा के चलते दिन मौसम में ठंडक का अहसास अभी बना रहेगा।

Related Articles

Back to top button