नई दिल्ली: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में चमोली जिले को 155.36 करोड़ रुपये की 63 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 36 योजनाओं का शिलान्यास और 27 योजनाओं का लोकार्पण किया।
कुल 155.36 करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं में 113.99 करोड़ रुपये की लागत से 36 विकास योजनाओं का शिलान्यास और 41.37 करोड़ रुपये की लागत से 27 योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इन योजनाओं का उद्देश्य सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना है।
सीएम धामी बोले- अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे विकास का लाभ
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पशुपालन, पर्यटन और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने चमोली को धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए जिले के समग्र विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
इन प्रमुख परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने 113.99 करोड़ रुपये की लागत वाली 36 योजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें जोशीमठ-नीति मार्ग के जुग्जू में 4.34 करोड़ रुपये की लागत से स्टील ट्रस पुल, लंगसी-द्वींग-तपोवन-लांजी-पोखनी मोटर मार्ग पर 9.62 करोड़ रुपये का 78 मीटर लंबा लौह सेतु, मैहलचौरी-सिलंगना घनियाली मोटर मार्ग का पुनर्निर्माण, चांदनीखाल-रड़वा-काण्डई-रेंसू मोटर मार्ग का विस्तार, विशालखाल-देवीखेत-बांमेश्वर मोटर मार्ग, नन्दानगर की 13 पर्वतीय नहरों का पुनरोद्धार और विभिन्न बाढ़ सुरक्षा योजनाएं शामिल हैं।
इसके अलावा डायट गौचर का अनुरक्षण, नन्दप्रयाग में मॉडल राजकीय पशु चिकित्सालय, तलवाड़ी पशु चिकित्सालय, सेम-तोप में सामुदायिक भवन एवं पार्किंग, उज्ज्वलपुर विद्यालय भवन, नन्दानगर पार्किंग, कई मोटर मार्गों और स्टील गर्डर सेतुओं के निर्माण सहित शिक्षा, सिंचाई और पशुपालन से जुड़ी कई परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया गया।
27 परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया
मुख्यमंत्री ने 41.37 करोड़ रुपये की लागत वाली 27 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें गैरसैंण मुख्य मार्ग पर इंटरलॉकिंग टाइल्स, सेमी-मासों, हापला-गुड़म-नैल-नौली और नंदासैंण-मालई मोटर मार्गों का निर्माण एवं डामरीकरण, बीपीएचयू पोखरी और जिला चिकित्सालय चमोली में डीआईपीएचएल भवन, विभिन्न विद्यालयों में पुस्तकालय, आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष और विज्ञान प्रयोगशालाएं, बैरागना ट्राउट इंडोर हैचरी, गोपेश्वर स्पोर्ट्स स्टेडियम में बैडमिंटन हॉल, कल्पेश्वर पाथवे एवं आर्क ब्रिज, सहकारी समिति भवन और कई मोटर मार्गों के अपग्रेडेशन कार्य शामिल हैं।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से चमोली जिले में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, पर्यटन, मत्स्य पालन और आधारभूत सुविधाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।




