देहरादून: उत्तराखंड में खराब सड़कों को दुरुस्त करने के लिए सरकार ने व्यापक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेशभर की सड़कों की स्थिति और उनके सुधार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को बेहतर बनाने के साथ मानसून खत्म होते ही मरम्मत और निर्माण कार्य तेज गति से शुरू करने पर जोर दिया गया।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना समेत विभिन्न विभागों और संस्थाओं के अधीन आने वाली सड़कों के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को सड़कों की स्थिति के आधार पर प्राथमिकता तय करते हुए सुधार कार्यों की तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए।
पुरानी पीएमजीएसवाई सड़कों के लिए भी मिलेगा बजट
बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी उन पुरानी सड़कों के सुधार पर भी चर्चा हुई, जिनकी अनुरक्षण अवधि समाप्त हो चुकी है और जिनका नियमित रखरखाव नहीं हो पा रहा है। ऐसी सड़कों को दुरुस्त करने के लिए राज्य सरकार की ओर से आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने पर विचार किया गया।
मानसून के बाद एक साथ शुरू होंगे सड़क सुधार के काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून समाप्त होते ही प्रदेशभर में सड़क सुधार के कार्य युद्धस्तर पर शुरू किए जाने चाहिए। इसके लिए संबंधित विभागों को अभी से सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने और निविदा प्रक्रिया समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य बारिश खत्म होते ही निर्माण और मरम्मत के काम शुरू करना है, ताकि किसी तरह की देरी न हो।
नगर निकायों को भी सड़क सुधार के लिए मिलेगा पैसा
शहरी क्षेत्रों की सड़कों को लेकर भी कैबिनेट बैठक में महत्वपूर्ण चर्चा हुई। नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत क्षेत्रों में सड़क सुधार के लिए स्थानीय निकायों को आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने पर विचार किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्रों की सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए और इसके लिए स्थानीय निकायों को पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।
अक्टूबर से सड़कों का जायजा लेने निकलेंगे सीएम धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वह अक्टूबर से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का सड़क मार्ग से भ्रमण करेंगे। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़कों के सुधार की ठोस कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के शहरी और ग्रामीण इलाकों में सड़कों को बेहतर और सुगम बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को मिलकर काम करना होगा।




