डीआईजी मेरठ ने किया कांवड़ मार्ग का भ्रमण, लाउड हैलर से की घोषणा
मोदीपुरम स्थित सीसीटीवी सब कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की गई
Meerut News: मेरठ रेंज डीआईजी कलानिधि नैथानी ने आज कांवड़ मार्ग का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ मार्ग पर तैनात पुलिस कर्मियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। डीआईजी ने मोदीपुरम स्थित सीसीटीवी/ वायरलैस सब कंट्रोल रूम एवं अस्थायी पुलिस चौकी का निरीक्षण किया।
मौजूदा कैमरों के साथ अतिरिक्त कैमरों की फीड जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने वायरलेस संचार प्रणाली को और अधिक दुरूस्त करने के साथ ही प्रत्येक अधिकारी के पास वायरलैस सैट रहने के निर्देश दिए। इसी के साथ डीआईजी ने डयूटी पर लगे पुलिस बल को मौके पर ब्रीफ किया और लाउड हैलर के माध्यम से घोषणा की।

सावन माह में कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से डीआईजी मेरठ कलानिधि नैथानी ने मोदीपुरम स्थित सीसीटीवी/ वायरलैस सब कंट्रोल रूम एवं अस्थायी पुलिस चौकी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ ड्यूटी में लगे पुलिस बल को मौके पर ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान एडीएम सिटी ब्रजेश कुमार, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले, सीओ दौराला शिव ठाकुर एवं थानाध्यक्ष पल्लवपुरम सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सक्रिय
निरीक्षण के दौरान यातायात व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन, प्रकाश व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही निगरानी व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। डीआईजी मेरठ रेंज ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के प्रत्येक चरण की सतत एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूर्णतः सक्रिय रहें।
निरीक्षण के दौरान दिए गए प्रमुख निर्देश
➡️ मोदीपुरम स्थित सीसीटीवी सब कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की गई तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त कैमरों की फीड जोड़ने के निर्देश दिए गए।
➡️ कांवड़ मार्ग के सभी कटों पर ‘धीरे चलें’ के सांकेतिक बोर्ड लगाए जाएं तथा गति नियंत्रण हेतु अतिरिक्त साइनेज स्थापित किए जाएं।
➡️ मोदीपुरम, पल्लवपुरम एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल रिजर्व में रखा जाए।
➡️ वायरलेस संचार व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए तथा प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी वायरलेस सेट के माध्यम से नियमित संपर्क बनाए रखे।
➡️ डिवाइडर पर नियमानुसार वनस्पति की छंटाई कराई जाए तथा संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

➡️ अत्यधिक दबाव वाले स्थानो पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जाए।
➡️ लाउड हैलर के माध्यम से लगातार यातायात, सुरक्षा एवं जनसुविधा संबंधी घोषणाएं की जाती रहें।
➡️ शहर के अंदर जाने वाले मार्गों को जाममुक्त रखने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन किया जाए।
➡️ महिला श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए।
➡️ कांवड़ ड्यूटी में तैनात समस्त पुलिस बल पूर्ण सतर्कता, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपनी ड्यूटी करे।

➡️ सभी राजपत्रित अधिकारी केवल हमराह के साथ नहीं, बल्कि क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को भी साथ लेकर भ्रमण करें, जिससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
डीआईजी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं निर्बाध व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय, सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें और कांवड़ यात्रा को शांति एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराएं।



