मेरठ में बाढ़ से निपटने के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की मॉक ड्रिल
कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रीय आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण द्वारा मॉक ड्रिल के लिए दिशा निर्देश।
Meerut News: बाढ़ आपदा प्रबन्धन के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से भीकुंड घाट, ग्राम मनोहरपुर, तहसील मवाना में बाढ़ आपदा पर राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है।
44 जनपदों की बाढ़ मॉक एक्सरसाइज़ की तैयारियों की समीक्षा
इसके सम्बन्ध में प्रदेश के 44 जनपदों की बाढ़ मॉक एक्सरसाइज़ की तैयारियों हेतु टेबल टॉप एक्सरसाइज उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा आयोजित की गई जिसमें अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०), राजस्व विभाग, चिकित्सा विभाग, पशुपालन विभाग, सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग, विद्युत विभाग, अग्निशमन विभाग, बाढ़ पी०ए०सी०, एन०सी०सी०, एन०एस०एस०, स्काउट एंड गाइड, आपदा विशेषज्ञ, मेरठ आदि द्वारा एन०आई०सी०, कलेक्ट्रेट मेरठ में उपस्थित होकर प्रतिभाग किया गया।
दिशा-निर्देश प्रदान किए गए
कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रीय आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण तथा उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण द्वारा 11 जून 2026 में आयोजित की जाने वाली बाढ़ मॉक एक्सरसाइज के सफल आयोजन हेतु दिशा निर्देश प्रदान किए गए तथा आम जनमानस हेतु यह संदेश दिया गया कि किसी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न किया जाए। दिनांक 11 जून 2026 को केवल एक बाढ़ मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया जा रहा है जिसमें बाढ़ की काल्पनिक स्थिति प्रदर्शित की जाएगी, जिसके उपरांत जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ से बचाव हेतु अपनी क्षमताओं का आंकलन किया जाएगा।



