देहरादून की युवा मुक्केबाज मुस्कान बिष्ट ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मेहनत, अनुशासन और मजबूत इरादों के दम पर हर चुनौती को हराया जा सकता है। बॉक्सिंग रिंग में अपने दमदार प्रदर्शन से पहचान बनाने वाली मुस्कान ने अब पढ़ाई के क्षेत्र में भी शानदार सफलता हासिल करते हुए सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में 95.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।
बंजारावाला क्षेत्र की रहने वाली मुस्कान सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल की छात्रा हैं और एक उभरती हुई बॉक्सिंग खिलाड़ी के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं। अब तक वह चार राष्ट्रीय और सात राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हैं, जहां उन्होंने कई स्वर्ण और कांस्य पदक अपने नाम किए हैं।
खेल के अनुशासन ने दिलाई पढ़ाई में सफलता
मुस्कान की इस उपलब्धि के पीछे उनकी सख्त दिनचर्या और अनुशासन की बड़ी भूमिका रही है। वह रोज सुबह जल्दी उठकर बॉक्सिंग का अभ्यास करती हैं, फिर स्कूल जाकर पढ़ाई में जुटती हैं और शाम को फिर से रिंग में अभ्यास करती हैं। इस संतुलन को बनाए रखना आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने समय प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से खेल और पढ़ाई दोनों में बेहतरीन प्रदर्शन किया।
कठिन हालातों को बनाया ताकत
कम उम्र में पिता को खो देना मुस्कान के जीवन का सबसे कठिन दौर रहा, लेकिन उन्होंने इस दुख को अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। उनकी मां कमला बिष्ट, जो राज्य कर विभाग में वरिष्ठ अधिकारी हैं, ने हर परिस्थिति में उनका साथ दिया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मां के संघर्ष और मुस्कान के जज्बे ने मिलकर सफलता की एक प्रेरक कहानी लिखी है।
देश सेवा का सपना, युवाओं के लिए प्रेरणा बनी मुस्कान
मुस्कान का सपना भारतीय वायुसेना में अधिकारी बनकर देश की सेवा करना है। वह मानती हैं कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो कोई भी बाधा रास्ता नहीं रोक सकती। उनकी यह सफलता केवल एक परीक्षा परिणाम नहीं, बल्कि उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने सपनों को साकार करने की कोशिश कर रहे हैं।




