राज्यराष्ट्रीय

10 मिनट की दूरी 40 मिनट में हो रही पूरी, चिराग दिल्ली फ्लाईओवर बंद होने से राजधानी के इन रास्तों पर लग रहा जाम

नई दिल्ली : चिराग दिल्ली फ्लाईओवर पर चल रहे मरम्मत कार्य के चलते आसपास के बाजारों में पहुंचने के लिए भी लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। वहीं, एयरपोर्ट के पास भी जाम से राहत नहीं मिल रही है। दोनों जगह गुरुवार को वाहन रेंगते नजर आए।

मरम्मत के कारण फ्लाईओवर पर एक तरफ का रास्ता बंद है। यहां पर सभी जोड़ों पर ड्रिल आदि करने का काम शुरू कर दिया गया था। गुरुवार को डिवाइडर पर फ्रेम लगाने का काम भी शुरू हो गया। वहीं, यातायात बंद करने का असर आसपास के बाजारों में भी देखने को मिल रहा है। खासतौर पर लाजपत नगर, डिफेंस कॉलोनी, नेहरू प्लेस, साकेत, मालवीय नगर आदि बाजारों में पहुंचने के लिए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहनों की धीमी गति के चलते लोगों को औसतन आधे घंटे की देरी हो रही है।

डायवर्जन से परेशानी बढ़ी : राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर गुरुवार को यातायात मार्ग परिवर्तन के चलते धौलाकुआं से रजोकरी जाने वाले वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रैफिक पुलिस ने अपने ट्वीट में यहां पर यातायात में आ रही परेशानी की जानकारी देते हुए दिल्ली से गुरुग्राम के लिए सफर करने वाले लोगों को ज्यादा से ज्यादा सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी। वहीं, नेहरू प्लेस से आईआईटी फ्लाईओवर की ओर जाने वाले कैरिज-वे पर भी जाम की सूचना लोगों को दी। चिराग दिल्ली फ्लाईओवर पर चल रहे मरम्मत कार्य के चलते यहां पर वाहन चालकों को 15 से 20 मिनट तक के जाम का सामना करना पड़ा।

Related Articles

Back to top button