राज्यराष्ट्रीय

गर्मी के कहर से उत्तर भारत बेहाल, दिल्ली, यूपी, बिहार और राजस्थान में रहेगा लू का प्रकोप

नई दिल्ली: मार्च का महीना चल रहा है और गर्मी ने अपना कहर बरसाना शुरू कर दिया है। उत्तर भारत के राज्यों का तापमान तेजी से बढ़ रहा है। राजधानी दिल्ली में बढ़ती गर्मी से लोग परेशान हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, आज दिल्ली में तेज हवाएं चलेंगी और मौसम शुष्क बना रहेगा। दिल्ली में वीकेंड पर न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

दिन के समय तेज हवाएं चलेंगी। हालांकि इन हवाओं के चलने से शहर के न्यूनतम तापमान में कुछ गिरावट भी होगी। सोमवार तक पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों, मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों और गुजरात के कुछ इलाकों में लू की स्थिति फिर से लौटने की उम्मीद है। ये स्थितियां उक्त क्षेत्रों में 29 मार्च तक बनी रहने की उम्मीद है, जो 28 और 29 मार्च के आसपास अपने चरम पर होगी।

वहीं स्काईमेट वेदर के मुताबिक पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम और अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। कर्नाटक, केरल के कुछ हिस्सों के साथ-साथ तमिलनाडु के कुछ स्टेशनों पर छिटपुट बारिश देखी जा सकती है। उत्तर और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में तापमान में वृद्धि देखी जा सकती है।

बिहार में पछुआ हवा का प्रभाव बने होने के कारण तापमान में परिवर्तन हो रहा है। पश्चिमी हवा 6-8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है। मौसम विभाग मुताबिक राज्य में अगले चार-पांच दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। पश्चिमी हवा के प्रभाव से राज्य का मौसम ऐसा ही रहने वाला है। पांच दिनों में लू चलने की संभावना है। आने वाले समय में 2 से 4 डिग्री तक तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। फिलहाल राज्य का अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री दर्ज किया जा रहा है जो जल्‍द ही 41 डिग्री से जायदा हो सकता है।

Related Articles

Back to top button