राष्ट्रीय

गुजरात दौरे पर पीएम मोदी आज सोमनाथ मंदिर में करेंगे विशेष पूजा, वडोदरा में ‘सरदार धाम कॉम्प्लेक्स’ का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को गुजरात दौरे के दूसरे दिन धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री सुबह प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे, जबकि बाद में वडोदरा में कई अहम कार्यक्रमों में शामिल होंगे। रविवार रात जामनगर पहुंचने पर प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया। उनके दौरे को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

सोमनाथ मंदिर में ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ में होंगे शामिल

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, पीएम मोदी सुबह सोमनाथ मंदिर में आयोजित ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ में भाग लेंगे। यह आयोजन मंदिर के पुनरुद्धार और उद्घाटन के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर किया जा रहा है।

इस दौरान प्रधानमंत्री विशेष महापूजा, कुंभाभिषेक और ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ ही वे स्मारक डाक टिकट और विशेष स्मृति सिक्का भी जारी करेंगे। माना जा रहा है कि यह कार्यक्रम धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से काफी अहम रहेगा।

वडोदरा में होगा भव्य रोड शो

सोमनाथ के कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री वडोदरा पहुंचेंगे, जहां उनके स्वागत में भव्य रोड शो आयोजित किया जाएगा। हाल ही में गुजरात और पश्चिम बंगाल के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की जीत के बाद इस रोड शो को राजनीतिक रूप से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

150 करोड़ की लागत से बने ‘सरदार धाम भवन-3’ का उद्घाटन

वडोदरा दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ‘सरदार धाम भवन-3’ यानी श्री दुष्यंत और दक्षा पटेल कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन करेंगे। करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह आधुनिक कॉम्प्लेक्स लगभग 4.75 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में फैला हुआ है।

इस भवन में 278 कमरे, एनआरआई गेस्ट हाउस, ई-लाइब्रेरी, करियर गाइडेंस सेंटर और एक हजार लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम बनाया गया है। सरदार धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष गज्जी सुतारिया के अनुसार, यह परियोजना करीब 2 हजार छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक और भविष्य निर्माण में मददगार साबित होगी।

पीएम मोदी को मिलेगा ‘सरदार रत्न’ सम्मान

पाटीदार समाज के प्रमुख संगठनों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समाज सुधार और विकास में योगदान के लिए ‘सरदार रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह कार्यक्रम ‘मिशन 2026’ अभियान के तहत आयोजित हो रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं के सर्वांगीण विकास और शिक्षा ढांचे को मजबूत करना है।

कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी समेत कई वरिष्ठ मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। हर्ष संघवी ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर पूरे गुजरात में उत्साह का माहौल है।

Related Articles

Back to top button