
कांवड़ यात्रा के दौरान मेरठ में बवाल! पुलिस जीप से दो युवकों को खींचकर बेरहमी से पीटा, वायरल वीडियो पर पुलिस ने बताई पूरी सच्चाई
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में कांवड़ यात्रा के दौरान हुई मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बड़ी संख्या में कांवड़िए पुलिस की जीप से दो लोगों को बाहर निकालकर उनकी लाठी-डंडों से पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह के दावे किए जाने लगे। कुछ लोगों ने दावा किया कि मारपीट का शिकार हुए दोनों व्यक्ति सादी वर्दी में पुलिसकर्मी थे। हालांकि मेरठ पुलिस ने इन दावों को पूरी तरह गलत बताया है।
घटना मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-58) पर हुई बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक यह विवाद दो कांवड़ियों के बीच हुआ था, जिसे मौके पर ही शांत करा दिया गया था।
वायरल वीडियो में क्या दिखा
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पुलिस की एक जीप के चारों ओर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ दिखाई देती है। इसी दौरान भीड़ जीप के अंदर मौजूद दो लोगों को बाहर खींच लेती है और उनके साथ मारपीट शुरू कर देती है। वीडियो में एक वर्दीधारी पुलिसकर्मी भी नजर आता है, जो भीड़ को रोकने का प्रयास करता दिखाई देता है। मारपीट के दौरान दोनों युवकों के कपड़े फटे हुए भी नजर आते हैं।
वीडियो में आगे एक व्यक्ति जान बचाने के लिए खेतों की ओर भागता दिखाई देता है, लेकिन उसके पीछे कुछ लोग दौड़ पड़ते हैं और खेत में भी उसकी पिटाई करते हैं। वीडियो में पिटाई झेल रहे लोग फोन पर किसी को बुलाने की बात कहते सुनाई देते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए कई दावे
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें सामने आने लगीं। कुछ पोस्ट में दावा किया गया कि जिन लोगों की पिटाई हुई, वे सादी वर्दी में मौजूद पुलिसकर्मी थे। वहीं कुछ वीडियो में वाहन में आग लगाने जैसी बातें भी सुनाई देती हैं। हालांकि इन दावों की किसी आधिकारिक स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है। मेरठ पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित कई दावे तथ्यात्मक नहीं हैं।
मेरठ पुलिस ने दी घटना की जानकारी
मेरठ के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले ने बताया कि यह घटना 2 और 3 अगस्त की रात की है। उनके अनुसार, एक कांवड़िया मोटरसाइकिल से गंगाजल लेने जा रहा था, जबकि दूसरा कांवड़िया हरिद्वार से जल लेकर लौट रहा था। इसी दौरान दोनों की आपस में टक्कर हो गई, जिसके बाद कहासुनी शुरू हुई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर दौराला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर लिया। पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर गई, जहां उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। बाद में दोनों पक्षों को समझाकर उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
पुलिसकर्मियों से मारपीट के दावे को किया खारिज
पुलिस के अनुसार, किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत या तहरीर नहीं दी गई, इसलिए इस मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले ने यह भी स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो को लेकर पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट किए जाने का दावा पूरी तरह गलत है। उनके मुताबिक प्रथम दृष्टया यह मामला दो कांवड़ियों के बीच हुए विवाद का है।
पुलिस बोली- हालात पूरी तरह सामान्य
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कड़ी की गई है और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो या संदेशों पर बिना पुष्टि भरोसा न करें और भ्रामक सूचनाएं साझा करने से बचें।



