
मुजफ्फरनगर में चुनावी सरगर्मी बढ़ी, बसपा में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल; सपा जिलाध्यक्ष ने भेजा इस्तीफा
मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मुजफ्फरनगर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। एक ओर बहुजन समाज पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए जिलाध्यक्ष पद पर नई नियुक्ति की है, वहीं दूसरी ओर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष ने विधानसभा चुनाव लड़ने की मंशा जाहिर करते हुए अपना इस्तीफा पार्टी नेतृत्व को भेज दिया है।
बसपा ने संगठनात्मक बदलाव के तहत आनंद प्रकाश को जिलाध्यक्ष पद से हटाकर मंडल कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, वर्ष 2019 से 2024 तक जिलाध्यक्ष रह चुके सतीश कुमार रवि को एक बार फिर जिले की कमान सौंप दी गई है। पार्टी का यह फैसला विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
उधर, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने मीरापुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपना इस्तीफा भेज दिया है। उन्होंने बताया कि हाल ही में हुई वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक में यह स्पष्ट किया गया था कि जो नेता विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं, वे संगठनात्मक पदों पर नहीं रहेंगे। इसी निर्देश के तहत उन्होंने अपना इस्तीफा भेजते हुए मीरापुर सीट से टिकट की मांग की है।
जिया चौधरी ने कहा कि फिलहाल उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया है और अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व के हाथ में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हाईकमान जो भी फैसला करेगा, उसका पालन किया जाएगा।
दो वर्षों में कई बार बदला बसपा का जिला नेतृत्व
बसपा के जिला संगठन में पिछले दो वर्षों के दौरान लगातार बदलाव देखने को मिले हैं। आनंद प्रकाश का जिलाध्यक्ष के रूप में कार्यकाल करीब छह माह का रहा। उनसे पहले पुष्पांकर पाल और रविंद्र गौतम भी लगभग पांच-पांच माह तक इस पद पर रहे थे। अब पार्टी ने अनुभवी नेता सतीश कुमार रवि को दोबारा जिम्मेदारी देकर संगठन को नई दिशा देने का प्रयास किया है।
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर रहेगा जोर
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सतीश कुमार रवि ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर काम किया जाएगा। उन्होंने स्वीकार किया कि पिछले कुछ महीनों में बूथ स्तर पर कुछ कमजोरियां सामने आई हैं, जिन्हें दूर करने के लिए गांव-गांव बूथ समितियों का गठन और पुनर्गठन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी की जनहितकारी नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने और संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएंगे: आनंद प्रकाश
मंडल कोऑर्डिनेटर बनाए गए आनंद प्रकाश ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।
विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों के भीतर हो रहे इन बदलावों ने मुजफ्फरनगर की सियासत को नई चर्चा दे दी है। आने वाले दिनों में टिकट दावेदारी, संगठन विस्तार और चुनावी रणनीतियों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।



