उत्तराखंड

UCC पर जोर, देवभूमि की स्वच्छता का संदेश; दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे उद्घाटन पर पीएम मोदी का बड़ा संबोधन

देहरादून में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को हाई-स्पीड कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने जहां इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को देश की “भाग्य रेखा” बताया, वहीं समान नागरिक संहिता को लेकर भी स्पष्ट संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने देवभूमि की पवित्रता बनाए रखने, स्वच्छता और संतुलित विकास पर विशेष जोर दिया।

पूरे देश में लागू होनी चाहिए समान नागरिक संहिता

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि देशभर में समान नागरिक संहिता लागू होना चाहिए और यह संविधान की मूल भावना के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने इस दिशा में पहल करते हुए पूरे देश को एक रास्ता दिखाया है। सामाजिक न्याय के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद किया और कहा कि सरकार वंचित वर्गों तक न्याय पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

देवभूमि की स्वच्छता पर खास जोर

प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्लास्टिक कचरा और गंदगी देवभूमि की पवित्रता को नुकसान पहुंचाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि तीर्थ स्थलों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखें। आगामी हरिद्वार कुंभ मेले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस आयोजन को दिव्य, भव्य और स्वच्छ बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।

इंफ्रास्ट्रक्चर को बताया देश की ‘भाग्य रेखा’

प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस तरह हाथ की रेखाएं भविष्य तय करती हैं, उसी तरह देश की सड़कों, एक्सप्रेस-वे, रेलवे और जलमार्गों को देश की असली “भाग्य रेखाएं” बताया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बीते एक दशक में भारत ने इन क्षेत्रों में तेज गति से काम किया है, जिससे विकास को नई दिशा मिली है।

एक्सप्रेसवे से बदलेगी कनेक्टिविटी की तस्वीर

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई क्षेत्रों को जोड़ते हुए विकास की नई संभावनाएं खोलेगा। इससे यात्रा समय में बड़ी कमी आएगी और लोगों को सुरक्षित व तेज आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना राज्य के आर्थिक और पर्यटन विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।

धार्मिक आस्था और विकास का संगम

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने चारधाम यात्रा के निकट होने का उल्लेख करते हुए पंच बद्री, पंच केदार और अन्य पवित्र स्थलों को नमन किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को पूरा करने में मां डाट काली का आशीर्वाद मिला है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि यह दशक उत्तराखंड के विकास के लिए ऐतिहासिक साबित होगा।

रोड शो से जनसभा तक दिखा जनसैलाब

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने देहरादून में रोड शो भी किया, जहां हजारों लोगों ने उनका स्वागत किया। जनसभा में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल और पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

Related Articles

Back to top button