देहरादून, 06 मई 2026। राज्य में शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में शिक्षा विभाग की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के सभी शासकीय विद्यालयों में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
हर स्कूल में बनेगा बुक बैंक, खर्च में आएगी बड़ी कमी
मुख्य सचिव ने सचिव शिक्षा को सभी विद्यालयों में बुक बैंक स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद अपनी किताबें बुक बैंक में जमा करेंगे, जिन्हें अगले सत्र में अन्य विद्यार्थियों को वितरित किया जाएगा। खराब हो चुकी या वापस न आ सकने वाली पुस्तकों के स्थान पर नई किताबें छपवाई जाएंगी। इस व्यवस्था से हर साल बड़ी संख्या में नई किताबें छपवाने पर होने वाला करोड़ों रुपये का खर्च कम किया जा सकेगा।
क्लस्टर स्कूलों के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश
समीक्षा बैठक में क्लस्टर विद्यालयों में कक्षा कक्षों और छात्रावासों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। इसके लिए नाबार्ड के माध्यम से वित्तीय संसाधन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि अधूरे निर्माण कार्य जल्द पूरे हो सकें।
बिजली, पानी और शौचालय की व्यवस्था अनिवार्य
मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में बिजली, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने विशेष रूप से शौचालयों की साफ-सफाई के लिए स्थायी समाधान विकसित करने पर जोर दिया। इसके लिए एक व्यवस्थित मैकेनिज्म तैयार करने और अलग से फंडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डिजिटल लाइब्रेरी से बढ़ेगा विद्यार्थियों का ज्ञान
विद्यालयों में डिजिटल पुस्तकालय स्थापित करने पर भी मुख्य सचिव ने जोर दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पुस्तकों तक पहुंच मिलेगी, जिससे उनके ज्ञान और अध्ययन के स्तर में सुधार होगा।
इस बैठक में सचिव श्री रविनाथ रमन, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती समेत विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




